बड़हरा स्थानीय थाना परिसर में रविवार को थाना क्षेत्र के सभी चौकीदारों की चौकीदारी परेड करायी गयी. परेड की अध्यक्षता थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी ने की. इस दौरान थानाध्यक्ष ने चौकीदारों को क्षेत्र में अपराध और अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया.
वारंटियों और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश
परेड के दौरान चौकीदारों को कोर्ट से निर्गत वारंटियों एवं विभिन्न मामलों में संलिप्त अपराधियों की गतिविधियों की लगातार निगरानी करने को कहा गया. साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों तथा बाहर से आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया.
पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं चौकीदार
थानाध्यक्ष ने कहा कि चौकीदार पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं. इसलिए उन्हें अपने क्षेत्र की छोटी से छोटी घटना की जानकारी भी समय पर पुलिस तक पहुंचानी चाहिए. उन्होंने चौकीदारों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थानीय स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर जोर दिया.
त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
आगामी त्योहारों को देखते हुए चौकीदारों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने, अफवाहों पर नजर रखने तथा किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने को कहा गया.
नियमित भ्रमण और खुफिया जानकारी जुटाने पर जोर
चौकीदारों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाये रखने, नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण करने, आपसी समन्वय के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करने तथा जमीनी स्तर पर खुफिया जानकारी एकत्रित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
