प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत जिले के अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने, नए आवेदनों को स्वीकृत करने तथा बैंकों में लंबित पड़े ऋण मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से विशेष पहल की गई है.
उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के निर्देशानुसार विद्युत आपूर्ति प्रमंडल आरा एवं जगदीशपुर द्वारा भोजपुर जिले के सभी नगर निकायों-आरा नगर निगम, नगर परिषद (पीरो) तथा नगर पंचायत (कोईलवर, गड़हनी, जगदीशपुर, बिहिया एवं शाहपुर) में हर सप्ताह मंगलवार को विशेष लोन मेले का आयोजन किया जाएगा.
आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेला में पहुंचने की अपील
विद्युत कार्यपालक अभियंता (ई. निखिल कुमार, आरा) ने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का लाभ लेने के इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले लोन मेलों में अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाएं.
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभुकों के बैंक ऋण से संबंधित आवेदन पहले से लंबित हैं, वे भी इस लोन मेले में पहुंचकर अपने मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन कराएं, ताकि छतों पर सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके.
इन तिथियों को आयोजित होगा लोन मेला
प्रशासन द्वारा लोन मेला आयोजित करने के लिए निम्नलिखित तिथियां निर्धारित की गई हैं:
- 28 जुलाई 2026 (मंगलवार)
- 11 अगस्त 2026 (मंगलवार)
- 18 अगस्त 2026 (मंगलवार)
- 25 अगस्त 2026 (मंगलवार)
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
