आरा: जब BDO बन गये शिक्षक, पीरो के स्कूल में चॉक-डस्टर लेकर बच्चों को पढ़ाया गणित, बताये आसान टिप्स

पीरो के बीडीओ अशोक कुमार ने स्कूल का दौरा करते हुए बच्चों को गणित पढ़ाया। ब्लैक बोर्ड पर गणित के टिप्स देकर उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाया।

Arrah News : पीरो के प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार बुधवार को प्रशासनिक अधिकारी के बजाय एक कुशल शिक्षक की भूमिका में नजर आये. पंचायत चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में जनगणना-2011 के दौरान बने प्रगणक ब्लॉक की जांच के लिए पंचायतों के भ्रमण पर निकले बीडीओ जब राजकीय बुनियादी विद्यालय रजेयां पहुंचे, तो उनकी नजर कक्षा में गणित पढ़ रहे बच्चों पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने खुद चॉक और डस्टर संभाल लिया और ब्लैक बोर्ड पर बच्चों को गणित के आसान तरीके समझाने लगे.

चॉक-डस्टर संभालकर ब्लैक बोर्ड पर पहुंचे बीडीओ

स्कूल में बच्चों को गणित पढ़ते देखकर बीडीओ अशोक कुमार का भी मन बच्चों के साथ अपना अनुभव साझा करने का हुआ. उन्होंने चॉक और डस्टर उठाया और ब्लैक बोर्ड पर गणित के सवाल समझाने शुरू कर दिये. अधिकारी को अचानक शिक्षक की भूमिका में देखकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आये.

गणित के ट्रिक्स बताये, बच्चों से पूछे सवाल

बीडीओ ने बच्चों को गणित के कई महत्वपूर्ण टिप्स और आसान ट्रिक्स बताये. इसके साथ ही उन्होंने बच्चों से अलग-अलग सवाल पूछकर उनके ज्ञान को भी परखा. बच्चों ने भी उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिये. इस दौरान कक्षा का माहौल पूरी तरह पढ़ाई और संवाद से भरा रहा.

चिलबिलिया स्कूल में भी देर तक पढ़ाया गणित

रजेयां विद्यालय के बाद बीडीओ अशोक कुमार प्राथमिक विद्यालय चिलबिलिया भी पहुंचे. यहां भी उन्होंने ब्लैक बोर्ड संभाल लिया और काफी देर तक बच्चों के साथ गणित के सवाल हल करते रहे. उन्होंने बच्चों से सवाल पूछे और उन्हें सवाल हल करने के आसान तरीके भी समझाये.

बोले- गणित में शुरू से रही है रुचि

प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें शुरू से ही गणित विषय में काफी रुचि रही है. यही वजह है कि जब भी मौका मिलता है, वे बच्चों के साथ अपना अनुभव साझा करना पसंद करते हैं. उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच जाकर उन्हें पढ़ाने और उनके साथ संवाद करने का अनुभव अलग तरह की खुशी देता है.

पंचायत चुनाव की तैयारी के दौरान स्कूल पहुंचे थे बीडीओ

दरअसल, बीडीओ अशोक कुमार पंचायत चुनाव के सिलसिले में वर्ष 2011 की जनगणना के दौरान तैयार किये गये प्रगणक ब्लॉक की जांच के लिए प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर रहे हैं. इसी क्रम में वे रजेयां और चिलबिलिया के विद्यालय पहुंचे थे. प्रशासनिक जिम्मेदारी के बीच उनका यह शिक्षक वाला अंदाज बच्चों और स्कूल के लोगों के लिए चर्चा का विषय बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >