Arrah News : पटना के फुलवारी शरीफ और आरा टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़की सिंगही गांव में छापेमारी कर 6.50 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के बड़की सिंगही गांव निवासी राजेंद्र महतो के पुत्र प्रद्युम्न महतो और इसी गांव के मो. मकबूल के पुत्र मो. तसलीम के रूप में हुई है. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी.
पटना में गिरफ्तार आरोपितों से मिले सुराग
पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व पटना के फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के कारीसाथ गांव निवासी स्व. संगम सिंह के पुत्र दीपक कुमार सिंह और स्व. डिप्टी सिंह के पुत्र वैभव कुमार को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था. दोनों के खिलाफ फुलवारी शरीफ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
निशानदेही पर बड़की सिंगही में छापेमारी
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर फुलवारी शरीफ पुलिस दोनों आरोपितों को लेकर आरा पहुंची. टाउन थाना पुलिस के सहयोग से उनकी निशानदेही पर सबसे पहले बड़की सिंगही गांव में प्रद्युम्न महतो के घर पर छापेमारी की गयी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर गांव के ही मो. तसलीम के घर पर कार्रवाई की.
घर की तलाशी में मिली 6.50 ग्राम हेरोइन
पुलिस ने मो. तसलीम के घर की तलाशी ली, जहां से 6.50 ग्राम हेरोइन बरामद की गयी. इसके बाद टाउन थाना में प्रद्युम्न महतो और मो. तसलीम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
दो आरोपितों को पटना ले गयी पुलिस
कार्रवाई पूरी होने के बाद फुलवारी शरीफ थाना पुलिस गिरफ्तार किये गये दीपक कुमार सिंह और वैभव कुमार को अपने साथ पटना ले गयी. पुलिस अब मादक पदार्थ के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
