International Yoga Day: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब केवल एक दिन का आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह लोगों के जीवनशैली में बदलाव लाने का एक बड़ा अभियान बन चुका है. 21 जून को मनाए जाने वाले इस खास दिन को लेकर देशभर की तरह आरा में भी तैयारियां जोरों पर हैं. शहर में जगह-जगह योग प्रशिक्षण शिविर लगाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें.
संगठनों ने संभाली कमान
भोजपुर के आरा शहर में विभिन्न सामाजिक और योग संगठनों ने योग दिवस को सफल बनाने के लिए कमान संभाल ली है. एक ओर विवेकानंद योग संस्थान द्वारा नियमित योग सत्र चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट हरिद्वार के तत्वावधान में पतंजलि योग समिति भोजपुर द्वारा विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है.
योग प्रशिक्षण में सिखाए जा रहे आसन और प्राणायाम
योग शिविर में भाग लेने वाले लोगों को विशेषज्ञों द्वारा आसन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाई जा रही हैं. योग शिक्षक सुरेंद्र प्रसाद चौरसिया ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है. आज पूरा विश्व योग के महत्व को स्वीकार कर चुका है.
वीर कुंवर सिंह मैदान में होगा भव्य आयोजन
इस वर्ष आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में योग दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित करने की योजना है. इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद चौरसिया द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है
बड़ी संख्या में लोग ले रहे भाग
इस योग प्रशिक्षण शिविर में राम कुमार सिंह, चंद्रिका प्रसाद, उपेंद्र कुमार, ए.के. शर्मा सहित कई लोग शामिल हो रहे हैं. सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे निरोग जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें.
लोगों से अपील-बनाएं योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा
आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग प्रशिक्षण प्राप्त करें और 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग करें.
