Ram Naresh Singh death: लंबे समय तक रजेयां-मोथी पंचायत के मुखिया रहे दिग्गज कांग्रेसी राम नरेश सिंह का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने अपने पैतृक गांव मोथी स्थित आवास पर अंतिम सांस ली. श्री सिंह 2001 तक रजेयां-मोथी पंचायत के मुखिया पद पर रहे और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहे.
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में थी पहचान
राम नरेश सिंह कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं में शुमार थे. उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कांग्रेस के विभिन्न पदों की जिम्मेदारी संभाली. वे आजीवन गरीब-गुरबों और आम ग्रामीणों की आवाज को मुखर होकर उठाते रहे. अंतिम दिनों में शारीरिक रूप से चलने-फिरने में असमर्थ होने के बावजूद आमलोगों की समस्याओं को लेकर प्रखंड मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक सक्रिय रहे.
वाकपटुता और भाषण शैली के कायल थे लोग
राम नरेश सिंह अपनी वाकपटुता और प्रभावशाली भाषण शैली के लिए भी जाने जाते थे. वे अपनी बात को बेबाकी से रखते थे. उनकी इसी शैली के कारण आमलोगों के बीच उनकी अच्छी लोकप्रियता थी. पंचायत और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर वे हमेशा मुखर रहते थे.
विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक
उनके निधन पर कांग्रेस के पीरो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल सलाम कुरैशी, संतोष कुमार, मो. जमील खान, राजद नेता चंदेश्वर सिंह, विजय यादव, जदयू नेता मनोज कुमार उपाध्याय, नगर परिषद सभापति किरण उपाध्याय, भाजपा नेता कामेश्वर सिंह, मदन स्नेही, कृष्णा प्रसाद, लोजपा नेता सह वार्ड पार्षद रवि गुप्ता सहित कई अन्य लोगों ने दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.
