Firing Accused Arrested: उदवंतनगर थाना पुलिस ने फायरिंग मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी नवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर मोहल्ले से रविवार को की. गिरफ्तार आरोपित की पहचान विष्णु नगर मोहल्ला निवासी अखिलेश राय के पुत्र अविनाश राय के रूप में हुई है. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक राज ने प्रेस नोट जारी कर दी.
टाइल्स दुकान में घुसकर की गयी थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2024 को नवादा थाना क्षेत्र के नवादा चौक निवासी बिहुर नारायण त्रिपाठी के पुत्र और टाइल्स दुकानदार प्रेम कुमार त्रिपाठी उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल स्थित अपनी टाइल्स दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश गमछे से चेहरा ढककर दुकान में घुसे और उन पर फायरिंग कर दी.
तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
घटना के बाद टाइल्स दुकानदार प्रेम कुमार त्रिपाठी के बयान पर उदवंतनगर थाना में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान अविनाश राय की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी.
एक साल से अधिक समय से था फरार
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही अविनाश राय फरार चल रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को विष्णु नगर मोहल्ले से उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
