Arrah News : जिले के सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव गांव में भाजपा पंचायत अध्यक्ष की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. घटना के करीब दो सप्ताह बाद फरार चल रहे छह नामजद आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश बढ़ाई जाएगी.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बढ़ेगी दबिश
सहार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. यदि आरोपी जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ इश्तेहार जारी कराने और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए भी कोर्ट से अनुमति ली जाएगी.
एक ही परिवार के पांच सदस्य समेत छह पर वारंट
पुलिस के अनुसार जिन छह आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है, वे सभी सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव गांव के निवासी हैं. इनमें आनंद सिंह, मनजी सिंह और सुशील सिंह सहित एक ही परिवार के कुल पांच सदस्य शामिल हैं. हालांकि इस मामले में नामजद आरोपी अनिल सिंह को घटना के कुछ समय बाद ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.
8 जुलाई को चाकू मारकर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि 8 जुलाई की सुबह बड़की खड़ाव गांव निवासी वीरेंद्र कुमार के पुत्र विक्रांत कुमार उर्फ विक्की की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी. विक्रांत कुमार बड़की खड़ाव पंचायत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंचायत अध्यक्ष थे.
सात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
हत्या के बाद मृतक के पिता वीरेंद्र कुमार के फर्द बयान पर सहार थाना में एक ही परिवार के छह सदस्यों और वर्तमान मुखिया समेत कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
Also Read : दिव्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी राहुल यादव गिरफ्तार, शेरघाटी पुलिस ने लिया हिरासत में
