भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में सोमवार की दोपहर पोखरा में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना को लेकर काफी देर तक लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही.
32 वर्षीय धनजी राम के रूप में पहचान
मृतक की पहचान हसन बाजार थाना क्षेत्र के हसन बाजार गांव वार्ड नंबर 7 निवासी जगु राम के 32 वर्षीय पुत्र धनजी राम के रूप में हुई है. वह पेशे से मजदूर था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था.
दाह-संस्कार से लौटने के दौरान हादसा
मृतक के पिता जगु राम ने बताया कि गांव के ही वीजा नंद राम का देहांत हो गया था. उनके दाह-संस्कार के बाद घाट से लौटने के क्रम में धनजी राम नारायणपुर गांव स्थित पोखरा में नहाने चला गया, जहां गहरे पानी में जाने से वह डूब गया.
ग्रामीणों ने निकाला शव, हुआ पोस्टमार्टम
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी तलाश के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.
घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम
मृतक अपने दो भाई व तीन बहनों में दूसरे स्थान पर था. उसकी मां लीलावती देवी की मौत 24 वर्ष पूर्व हो चुकी थी. परिवार में तीन बहनें कुसुम, सोनम, चिंता और एक भाई संजय कुमार हैं. इस दुखद घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
