आरा से बीडीसी सदस्य सहित दो जनप्रतिनिधि लापता, अपहरण का आरोप; परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार

Bihar News: आरा के सदर प्रखंड क्षेत्र से दो पंचायत प्रतिनिधियों के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Bihar News:(मिथिलेश कुमार) आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अलीपुर गांव के दो पंचायत प्रतिनिधियों के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है. लापता लोगों में वार्ड सदस्य पप्पू शर्मा और पंचायत समिति सदस्य आनंद शर्मा शामिल हैं. दोनों 16 मई की शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई.

पत्नियों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

वार्ड सदस्य पप्पू शर्मा की पत्नी सोनी देवी ने मुफस्सिल थाने में आवेदन देकर बताया कि उनके पति शाम के समय घर से बाहर गए थे. देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. वहीं पंचायत समिति सदस्य आनंद शर्मा की पत्नी रीना देवी ने भी अपने पति के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि आनंद शर्मा भी 16 मई की शाम घर से निकले थे और उसके बाद से उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है.

राकेश यादव पर अपहरण का आरोप

दोनों महिलाओं ने अपने आवेदन में राकेश यादव नामक व्यक्ति पर अपहरण कराने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि कुछ समय से आपसी विवाद चल रहा था, जिसके कारण उन्हें राकेश यादव पर शक है. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

मुफस्सिल थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है. पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है.

इलाके में बढ़ी चिंता

दो पंचायत प्रतिनिधियों के एक साथ लापता होने की घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोनों की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है. वहीं राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >