आरा में सड़क हादसा, ऑटो पलटने से एक की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

Arrah Road Accident: आरा केबिहिया-तियर पथ पर जादोपुर मोड़ के पास शनिवार को एक भैंस को बचाने के प्रयास में ऑटो पलट गया. हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि ऑटो सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य सहित कुल पांच लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज बिहिया के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है. पुलिस ने ऑटो जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Arrah Road Accident:(शैलेन्द्र गुप्ता) भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बगही गांव निवासी 45 वर्षीय खुर्शीद खां, पुत्र स्वर्गीय महंगू खां, की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई.

लोगो के अनुसार, ऑटो बिहिया की ओर जा रहा था और उसमें एक ही परिवार के पांच सदस्य सहित अन्य यात्री सवार थे. जैसे ही वाहन जादोपुर मोड़ के पास पहुंचा, सड़क पर अचानक एक भैंस आ गई.

भैंस को बचाने में चालक ने खोया नियंत्रण

भैंस से टकराने से बचने के प्रयास में ऑटो चालक ने अचानक वाहन को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया. स्थिति बिगड़ते देख चालक ऑटो से कूद गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए.

ऑटो में दबने से गंभीर रूप से घायल हुए खुर्शीद खां

हादसे के दौरान ऑटो के नीचे दब जाने से खुर्शीद खां गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल बिहिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल

इस हादसे में तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी कृष्ण कुमार सिंह, उनकी पत्नी दुर्गा देवी, भाई रोहित कुमार, माता आशा देवी और दो वर्षीय पुत्र अंश कुमार घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बिहिया स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, ऑटो जब्त

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक तौर पर यह हादसा सड़क पर अचानक आए पशु और चालक की लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है.

ग्रामीणों में रोष और चिंता

घटना के बाद इलाके के लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर आवारा पशुओं की आवाजाही अक्सर रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है.

Also Raed: बक्सर में सरकारी व्यवस्था पर सवाल, बंद पड़े चापाकलों से ग्रामीण परेशान, मरम्मत की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >