आरा में संपूर्ण क्रांति दिवस पर जेपी को श्रद्धांजलि, विचार गोष्ठी का हुआ आयोजन

Arrah News: संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर आरा स्थित जयप्रकाश स्मारक पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने जेपी के विचारों और संपूर्ण क्रांति की प्रासंगिकता पर चर्चा की.

Arrah News (दीनानाथ मिश्रा): संपूर्ण क्रांति दिवस के गरिमामयी अवसर पर लोक नायक जयप्रकाश नारायण को लोगों ने श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किया. आज 5 जून 2026 संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर सुबह ठीक 7 बजे आरा के कलेक्ट्री तालाब स्थित जयप्रकाश स्मारक पर लोक नायक जयप्रकाश नारायण की भव्य प्रतिमा पर उपस्थित लोगों ने गगनभेदी नारों के साथ माल्यार्पण किया. इस दौरान सबसे पहले पूर्व विधायक सह जेपी सेनानी रमाकांत ठाकुर ने माल्यार्पण किया. उसके बाद उपस्थित अन्य लोगों ने बारी-बारी से अपने महानायक पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण किया.

विचार गोष्ठी का हुआ आयोजन

माल्यार्पण कार्यक्रम के समापन के बाद स्मारक परिसर में ही एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस गोष्ठी की अध्यक्षता पूर्व विधायक एंव जेपी सेनानी रमाकांत ठाकुर ने की. जबकि मंच का सफल संचालन सामाजिक कार्यकर्ता एंव रंगकर्मी अशोक मानव द्वारा किया गया. अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में पूर्व विधायक श्री ठाकुर ने कहा कि सम्पूर्ण क्रांति की आवश्यकता पहले से भी कहीं ज्यादा जरूरत अभी की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति में महसूस हो रही है. आज देश का हाल वर्ष 1974 के आंदोलन से भी ज्यादा बुरा हो गया है.

क्रांति गीतों से भरा जोश

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुशील तिवारी ने अपने संबोधन में 1974 के 5 जून की पटना की सड़कों की आंखों देखी ऐतिहासिक घटनाओं को साझा किया. उन्होंने लोक नायक जयप्रकाश नारायण के कृतित्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताने का काम किया. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जेपी सेनानी गंगा सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने वर्ष 1974 के छात्र आंदोलन के बेहद चर्चित क्रांति गीत ‘तिलक लगाने तुम्हें जवानों क्रांति द्वार पर आई है’ को गाकर वहाँ उपस्थित लोगों में नया जोश भर दिया.

विचार गोष्ठी में जुटे गणमान्य

इसके बाद ‘लोक नायक अमर रहे’, ‘संपूर्ण क्रांति अब नारा है, भावी इतिहास हमारा है’ तथा ‘सच कहना अगर बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं’ जैसे गगनभेदी नारों के साथ सभा की समाप्ति की घोषणा हुई. इस विशेष मौके पर शहर के जेपी सेनानियों के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यकर्ता, रंगकर्मी और शिक्षक उपस्थित थे. प्रमुख लोगों में गुलाब चंद प्रसाद, मो सरफराज अहमद, सलिल भारती, सुशील कुमार, गंगा प्रसाद सिंह, अरुण यादव, अमरेंद्र जी, राहुल सिंह, भुनेश्वर ठाकुर, अजय सिन्हा, अशोक शर्मा, दिनेश मुन्ना, संजय दुबे, जयेश महासेठ, साहेब लाल यादव, राजेश कु सिंह, अर्थ दीप, आदित्य सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read: जवइनिया कटाव निरोधी परियोजना की शिकायत पर सरकार सख्त, जांच के आदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >