Arrah News: (मिथिलेश कुमार) भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोन नदी में डूबने से एक युवक की असामयिक मृत्यु हो गई. मृतक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है. इस दुखद घटना के बाद जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की है. आपदा राहत मद से मृतक के आश्रित परिजन को ₹4 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक सौंप दिया गया है.
अंचलाधिकारी ने माँ को सौंपा ₹4 लाख का चेक
प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. संदेश अंचलाधिकारी द्वारा मृतक आकाश कुमार की माता, श्रीमती प्रभावती देवी को ₹4 लाख का चेक प्रदान किया गया.
आपदा की इस अत्यंत दुखद घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है. सरकार द्वारा देय हरसंभव सहायता उन्हें समय पर उपलब्ध कराई जा रही है.
प्रशासन ने व्यक्त की गहरी संवेदना
चेक वितरण के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी नियमानुसार जो भी सरकारी सहायता संभव होगी, वह उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी.
आपातकालीन स्थिति के लिए जिला प्रशासन की अपील
भोजपुर जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत प्रशासन को सूचित करें. त्वरित सहायता के लिए.
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र चौबीसों घंटे कार्यरत है.
आपातकालीन संपर्क सूत्र
लैंडलाइन नंबर 06182-221233
मोबाइल नंबर 94723-98730
प्रशासन ने लोगों से नदी के गहरे पानी और खतरनाक घाटों से दूर रहने की भी हिदायत दी है ताकि ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
