आरा में अभय हत्याकांड के दो फरार आरोपित गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद

बिहार के जगदीशपुर में हुई अभय हत्याकांड के दो फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई है. दोनों से पूछताछ जारी है.

Abhay Murder Case: जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी मोड़ के समीप हुए अभय हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है. एक आरोपित की गिरफ्तारी नवादा थाना क्षेत्र के रमना मैदान से, जबकि दूसरे को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया.

राजा को रमना मैदान से किया गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव निवासी बिजेंद्र यादव का पुत्र विशाल कुमार और धनगाई थाना क्षेत्र के गंजहर बजवाबर गांव निवासी धर्मदेव सिंह का पुत्र राजा कुमार उर्फ राजा बाबू शामिल है. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी है. पुलिस के अनुसार विशाल कुमार इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त है.

जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार शाह ने बताया कि पुलिस ने पहले राजा कुमार उर्फ राजा बाबू को नवादा थाना क्षेत्र के रमना मैदान से गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर विशाल कुमार को गिरफ्तार किया गया.

विशाल के पास से बरामद हुई पिस्टल

पुलिस के अनुसार विशाल कुमार की गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव स्थित उसके घर से हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गयी. पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

चार सितंबर की रात हुई थी अभय की हत्या

बता दें कि चार सितंबर की रात जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी मोड़ के समीप विशन टोला वार्ड नंबर 12 निवासी मनोज यादव के पुत्र अभय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. पुलिस के अनुसार अभय को काफी करीब से सीने में गोली मारी गयी थी.

इस मामले में मृतक की मां पूनम देवी के बयान पर गांव के ही मनीष और राजा समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. अनुसंधान के दौरान विशाल कुमार का नाम भी सामने आया था. इसके बाद से दोनों आरोपित फरार चल रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >