दोस्तों के संग खाना खाने पाल होटल गया था युवक, तभी लग गयी थी आग

पटना के पाल होटल में गुरुवार सुबह गैस रिसाव से आग लगने के कारण हुई थी छह लोगों की मौत

आरा. पटना स्थित पाल होटल अग्निकांड में जिले के एक युवक की भी मौत हो गयी है. वह आरा के धरहरा हनुमान टोला निवासी राहुल कुमार पाठक बताया जा रहा है. राहुल मूल रूप से बिहिया इलाके के रहनेवाले देवेंद्र पाठक का 25 वर्षीय पुत्र था. उसका परिवार काफी दिनों से आरा के धरहरा के हनुमान टोले में कृष्ण यादव के मकान में किराये पर रहता है. वह पटना रेलवे स्टेशन के समीप किसी चाट की दुकान में काम करता था और पिछले करीब 10 साल से वहीं रहता था. बताया जा रहा है कि वह गुरुवार की सुबह अपने दोस्तों के संग खाना खाने पाल होटल गया था, तभी गैस रिसाव से होटल में आग लग गयी उसमें झुलसने और दम घुटने से उसकी मौत हो गयी. पटना पुलिस के फोन आने के बाद उसके परिजन पटना चले गये. स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सह पूर्व पार्षद मुन्ना महतो उर्फ प्रेम शंकर सिंह ने बताया कि उसके पटना में ही उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि अबतक मिली जानकारी के अनुसार वह दोस्तों के साथ पाल होटल में खाना खाने गया था।,तभी आग लग गयी और दम घुटने से उसकी मौत हो गयी. इधर, शुक्रवार तक उसकी मां और बहन को मौत की जानकारी नहीं थी. वहींं घरवालों के अनुसार राहुल करीब 15 साल की उम्र में ही पैसे कमाने पटना चला गया था. पिछले कुछ दिनों से वह पटना रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक चाट दुकान में काम करता था. वह घर भी बहुत कम आता था.हालांकि पिछले शनिवार को घर आया था और रविवार को ही पटना चला गया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >