Bhojpur news: स्थानीय थाना क्षेत्र के अनुमंडल कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन नये प्रखंड कार्यालय भवन के लिए खोदे गये गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबकर आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. मृतक की पहचान पीरो नगर के भागलपुर मुहल्ला निवासी मो इमरान खान के पुत्र मो इशान खान के रूप में हुई है.
नींव के लिए खोदा गया था गहरा गड्ढा
जानकारी के अनुसार, प्रखंड कार्यालय भवन का निर्माण कार्य करा रही कंस्ट्रक्शन कंपनी ने नींव के लिए गहरे गड्ढे खोदकर उसे खुला छोड़ दिया है. साथ ही निर्माणाधीन परिसर की चारों तरफ सुरक्षा के लिए घेराबंदी भी नहीं की गयी है. लगातार हो रही बारिश के कारण कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा खोदे गये करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पानी भर गया था.
खेलने के दौरान गड्ढे में गिरा बच्चा
बताया जाता है कि मो इशान खान खेलने के क्रम में फिसलकर पानी भरे गड्ढे में गिर गया. जिस समय बच्चा गड्ढे में गिरा, उस दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था. इस कारण बच्चा काफी देर तक पानी में डूबा रहा, जिससे उसकी मौत हो गयी.
खोजबीन के बाद मिला शव
काफी देर बाद खोजबीन के दौरान बालक का शव नींव के लिए खोदे गये गड्ढे से बरामद हुआ. बच्चे का शव मिलते ही मौके पर अफरातफरी मच गयी. वहीं मृत बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया.
निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों ने बच्चे की मौत के लिए निर्माण कार्य करा रही कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. लोगों का कहना है कि गहरे गड्ढे को खुला छोड़ने और निर्माणाधीन परिसर की सुरक्षा के लिए घेराबंदी नहीं करने के कारण यह हादसा हुआ. लोगों ने मामले में कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
