अररिया में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर जागरूकता कार्यशाला, युवा-बुजुर्ग समन्वय पर दिया गया जोर

Senior Citizens Workshop : जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा अररिया में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और सम्मान को बढ़ावा देने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बुजुर्गों के कल्याण और युवा-बुजुर्गों के बीच संवाद स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया गया.

Senior Citizens Workshop : जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से बुनियाद केंद्र, अररिया में अंतरपीढ़ीकरण-सह-संवेदीकरण एवं अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद स्थापित करना तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना था.

अधिनियम 2007 की दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने परिवार और समाज से बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा करने तथा उनके सम्मान और सहयोग के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की.

बुनियाद केंद्र की योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम की शुरुआत बुनियाद केंद्र के जिला प्रबंधक नवीन कुमार नवीन ने अतिथियों, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के स्वागत के साथ की. उन्होंने बुनियाद केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए संचालित की जा रही हैं.

निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखायी प्रतिभा

कार्यशाला के दौरान "युवा एवं वृद्धजन के बीच समन्वय" विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में रौशन मिश्रा ने प्रथम, सागर कुमार ने द्वितीय तथा ईशान अहमद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.

कई कर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम के सफल आयोजन में बुनियाद केंद्र के लेखापाल पुष्कर पुष्प, केस मैनेजर करुण कुमार, सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट तरन्नुम नेगार, स्पीच एवं हियरिंग टेक्नीशियन कुमार साहब सहित विजय, राजा, सनोज, अरविंद और अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई. कार्यशाला का समापन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >