फारबिसगंज. शहर के तेरापंथ भवन स्थित जय सभागार में रविवार को तेरापंथ महिला मंडल की ओर से एक दिवसीय 'श्री उत्सव' का आयोजन किया गया. नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी और उप मुख्य पार्षद नूतन भारती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
अतिथियों का किया गया सम्मान
उद्घाटन सत्र में सभा अध्यक्ष महेंद्र बैद, मंत्री मनोज भंसाली, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष पंकज नाहटा, मंत्री ऋषभ सिंघी, हेमंत चिंडालिया, सुशील घोषल, निर्मल बैद, दधीचि देहदान समिति के आजातशत्रु अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच के गौरव लुनिया, नितेश अग्रवाल, आदर्श गोयल और वीरेंद्र राजगढ़िया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. महिला मंडल अध्यक्ष समता दुगड़, उपाध्यक्ष सविता महनोत, उपासिका प्रभादेवी सेठिया और कमला महनोत ने अतिथियों को जैन प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.
महिला सशक्तीकरण पर दिया गया जोर
मुख्य पार्षद वीणा देवी ने तेरापंथ महिला मंडल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था नारी सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है. ऐसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं. इस अवसर पर अध्यक्ष समता दुगड़ ने महिला मंडल की चार प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी दी.
30 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
श्री उत्सव में करीब 30 स्टॉल लगाए गए, जिनमें शॉपिंग, खान-पान और गेम्स के स्टॉल शामिल थे. महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया और ग्राहकों को उनकी विशेषताओं से अवगत कराया. एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की सुविधाएं मिलने से आगंतुकों ने संतोष जताया.
आयोजन को सफल बनाने में कई सदस्यों का योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजिका अंजू बैद, सारिका बैद, सोनू पटावरी, बबीता डागा और ममता डागा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्सव में भाग लेकर आयोजन की सराहना की.
क्या है 'श्री उत्सव'
'श्री उत्सव' तेरापंथ महिला मंडल का एक प्रमुख प्रकल्प है, जिसका उद्देश्य घर से काम करने वाली महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और उन्हें अपनी प्रतिभा व उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है. अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में यह आयोजन हर वर्ष 15 जून से 15 जुलाई के बीच देशभर में आयोजित किया जाता है. इसके माध्यम से नई महिला उद्यमियों को पहचान मिलने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी मिलता है. कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति की भी झलक देखने को मिली.
ALSO READ : अररिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, मोबाइल लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
