जोगबनी. जोगबनी में नव निर्मित श्याम मंदिर में चार दिनों तक चले भक्ति कार्यक्रम के बाद गुरुवार को पांचवें दिन श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोचारण के बाद की गयी. इसके पश्चात श्याम बाबा को मंदिर में स्थापित कर दिया गया. प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व बुधवार को श्याम बाबा की प्रतिमा को लेकर नगर परिक्रमा करवाया गया. जिसमें हजारों श्याम भक्त निशान लेकर निशान यात्रा में शामिल हुए. वहीं गुरुवार को 10:45 से 11:55 तक श्याम बाबा को शाही दर्शन के लिए रखा गया. उसके पश्चात श्याम मंदिर खाटू श्याम के पूर्व पुजारी देवकी जी महाराज के द्वारा वैदिक मंत्रोचारण के साथ श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा की गई. श्याम बाबा के दर्शन के लिए हजारों श्याम भक्त मंदिर पहुंचे जिनमें पड़ोसी देश नेपाल से भी हजारों की संख्या में श्याम भक्त मंदिर परिसर पहुंच बाबा के दर्शन किए व भक्ति भजन में डूब गये. संध्या पांच बजे से भव्य श्री श्याम दर्शन व श्याम सरोवर भजन महोत्सव का आयोजन किया गया. साथ ही इस अवसर पर राजस्थानी चंग रौ धमाल का भी आयोजन आयोजकों द्वारा किया गया. श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा जानकारी देते हुए कहा गया की गुरुवार को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम व भजन महोत्सव में लगभग 10 हजार के आसपास लोग पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान भीड़ इतनी अधिक हो गयी की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा. वहीं संध्या 07 बजे से सभी भक्तों के लिए श्री श्याम भंडारा महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया.
श्याम मंदिर में हुई श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा
निकाली गयी भव्य निशान यात्रा
