भारत-नेपाल सीमा से सटे मानिकपुर बॉर्डर के पास एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 123 लीटर नेपाली शराब के साथ एक बाइक सवार तस्कर को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई.
जानकारी के अनुसार, एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा के कार्यक्षेत्र 'आई' समवाय फुलकाहा की टीम ने गांव मानिकपुर स्थित सीमा स्तंभ संख्या 188/4 के पास भारत की ओर लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से 123 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई.
एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम ने मौके पर ही शराब और बाइक जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान भीमपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर निवासी परमानंद मुखिया के रूप में हुई है.
पूछताछ के बाद एसएसबी ने आरोपी, जब्त शराब और बाइक को अग्रिम कार्रवाई के लिए फुलकाहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया. थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेजा जा रहा है.
