फारबिसगंज में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ
फारबिसगंज में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ
14 से 29 मई तक विद्यालयों में छह वर्ष आयु के बच्चों की होगी जांच
फारबिसगंज. फाइलेरिया नियंत्रण अभियान को सफल बनाने को लेकर गुरुवार को टॉस-01 कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. शहर के पुरानी पीएचसी के परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन कर जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अजय कुमार सिंह, पीएचसी प्रभारी डॉ राजीव कुमार बसाक, बीएचएम हाजी सईद उज्जमा ने संयुक्त रूप से टीम को जांच कार्य के लिए रवाना कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया. मौके पर पीएचसी प्रभारी ने बताया कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम व समय पर पहचान के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 14 मई से 29 मई तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इस कार्यक्रम के तहत प्रखंड के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के चिह्नित सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक व दो में अध्ययनरत छह वर्ष आयु के बच्चों की जांच की जाएगी. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग कर फाइलेरिया के संभावित लक्षणों की पहचान की जाएगी. ताकि समय रहते आवश्यक उपचार व रोकथाम की दिशा में कदम उठाया जा सके. उन्होंने अभिभावकों व विद्यालय प्रबंधन से अभियान में सहयोग करने की अपील की. जबकि बीएचएम हाजी सईद उज्जमा ने बताया कि टॉस- 01 कार्यक्रम के सफलता को लेकर प्रत्येक दिन 05 टीम 05 विद्यालयों में बच्चों के फाइलेरिया से संबंधित जांच करने का काम करेंगी. उद्घाटन के बाद प्रखंड के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के 05 चिह्नित विद्यालयों में टीम के द्वारा गुरुवार से ही कक्षा 01 व 02 के 06 वर्ष आयु के बच्चों का फाइलेरिया का जांच करना शुरू कर दिया है.