Forbesganj Income Tax Raid: फारबिसगंज (अररिया). आयकर विभाग के उप निदेशक अन्वेषण के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने बुधवार को सुपर हमसफर बस के प्रोपराइटर अबसार आलम से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई रामपुर दक्षिण स्थित आवास के अलावा बस पड़ाव कार्यालय, एनएच-27 स्थित वर्कशॉप एवं ऑफिस और पटना बस स्टैंड के समीप स्थित कार्यालय में किए जाने की जानकारी सामने आई है. छापेमारी के दौरान रामपुर दक्षिण स्थित आवास पर अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना भी हुई.
चार ठिकानों पर एक साथ चलती रही कार्रवाई
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने अबसार आलम के रामपुर दक्षिण स्थित आवास, सुभाष चौक के समीप सरयू मिश्र मुख्य बस पड़ाव परिसर स्थित कार्यालय, फारबिसगंज-नरपतगंज मुख्य मार्ग एनएच-27 पर रामपुर ओवरब्रिज से पहले स्थित वर्कशॉप एवं ऑफिस तथा पटना बस स्टैंड के समीप स्थित कार्यालय में एक साथ छापेमारी शुरू की.
लेखा-जोखा और वित्तीय दस्तावेजों की जांच
छापेमारी के दौरान आयकर अधिकारियों द्वारा टैक्स से संबंधित लेखा-जोखा, वित्तीय दस्तावेज, खाते, कंप्यूटर डेटा और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच किए जाने की बात कही गई है. हालांकि आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की वजह या जांच से संबंधित कोई आधिकारिक जानकारी मीडिया को नहीं दी.
आवास पर जुटी भीड़, अधिकारियों से कथित मारपीट
बताया गया कि रामपुर दक्षिण स्थित आवास पर आयकर टीम के पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी. कुछ लोग आवास के अंदर प्रवेश करने लगे, जिसके बाद अधिकारियों और लोगों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इस दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों और महिला अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार तथा मारपीट की गई. अधिकारियों से जब्त मोबाइल भी कथित तौर पर जबरन ले लिए जाने की बात कही गयी है.
घायल अधिकारियों का अस्पताल में इलाज
घटना में चोटिल आयकर विभाग के अधिकारियों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया. बताया गया है कि घायल अधिकारियों में एक महिला अधिकारी भी शामिल हैं. घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
अबसार आलम समेत तीन लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय थाना पुलिस रामपुर दक्षिण स्थित घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने सुपर हमसफर बस के प्रोपराइटर अबसार आलम, उनके भाई मो. असलम और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाना लाया.
चोटिल आयकर अधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी
फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आयकर अधिकारी और कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार हुआ है और वे चोटिल हुए हैं. उनके आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभारी एसडीपीओ फारबिसगंज पंकज कुमार ने भी बताया कि आयकर विभाग की टीम का विरोध किया गया है. उन्होंने कहा कि चोटिल आयकर अधिकारी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
छापेमारी पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
Forbesganj Income Tax Raid: बताया जा रहा है कि कार्रवाई में भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, पटना और धनबाद से आयकर विभाग के अधिकारियों के शामिल होने की बात कही जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आयकर विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छापेमारी से संबंधित विस्तृत जानकारी और निष्कर्ष सामने आने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: 16 अगस्त तक करा लें एलपीजी ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है घरेलू गैस सिलिंडर
