भरगामा (अररिया). प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को रोगी कल्याण समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने की, जबकि बीडीओ केशव कुमार राय सहित समिति के सदस्य और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. बैठक में अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ मरीजों की सुविधा बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई.
जर्जर बाउंड्रीवाल की मरम्मत का प्रस्ताव पारित
समिति सदस्य मदन प्रसाद सिंह ने अस्पताल की जर्जर बाउंड्रीवाल का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि कई जगह दीवार टूट जाने से असामाजिक तत्वों के अस्पताल परिसर में प्रवेश करने का खतरा बना रहता है. उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए सभी शौचालयों की मरम्मत कराने की भी मांग रखी.
इस पर समिति ने बाउंड्रीवाल की शीघ्र मरम्मत कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया.
पांच स्थानों पर नल-जल कनेक्शन की मांग
अस्पताल में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए नल-जल योजना से कम से कम पांच स्थानों पर कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजने पर सहमति बनी.
मरीजों को नियमित साफ चादर उपलब्ध कराने का निर्देश
बैठक में आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से मरीजों के बेड पर नियमित रूप से साफ चादर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया. समिति ने संबंधित ठेकेदार को इस संबंध में सख्त निर्देश देने की मांग की, ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिल सके.
विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति पर जोर
अस्पताल में दो स्त्री रोग विशेषज्ञों के साथ सर्जन की प्रतिनियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा गया. इसके अलावा अस्पताल में रंग-रोगन कराने, गार्डन में पौधारोपण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर समिति के सदस्यों ने सहमति जताई.
दवा स्टोर और ओपीडी में एसी की जरूरत
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि दवा स्टोर, ओपीडी और प्रभारी कक्ष में तापमान नियंत्रित रखने के लिए एसी की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
शौचालय मरम्मत के लिए करीब दो लाख रुपये उपलब्ध
डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि रोगी कल्याण समिति के पास करीब दो लाख रुपये उपलब्ध हैं. इसी राशि से अस्पताल के शौचालयों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल की टीम लगातार प्रयासरत है और बाउंड्रीवाल की मरम्मत का काम जल्द शुरू कराया जाएगा.
आय-व्यय का भी देखा गया लेखा-जोखा
बैठक के दौरान रोगी कल्याण समिति के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी देखा गया. बैठक में महेंद्र मंडल, बिनोद कुमार बिदूर, शशि राय, स्वास्थ्य प्रबंधक अबू सूफियान सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
