फारबिसगंज (अररिया): फारबिसगंज कॉलेज के दक्षिण दिशा में स्थित अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति कल्याण छात्रावास पर गैर एससी-एसटी लोगों के अवैध कब्जे को लेकर गुरुवार को अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ फारबिसगंज अनुमंडल और राजद नेताओं ने एसडीओ से कार्रवाई की मांग की. अनुमंडल अध्यक्ष विद्यानंद पासवान और पूर्व युवा राजद जिला उपाध्यक्ष युवराज यादव ने फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय तिवारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया कि कल्याण विभाग द्वारा इस छात्रावास का निर्माण एससी-एसटी छात्रों के लिए किया गया था. लेकिन विगत कई वर्षों से भू-माफिया सपरिवार इसमें रह रहे हैं और अवैध उगाही भी कर रहे हैं. नेताओं ने कहा कि छात्रावास पर अवैध कब्जे के कारण मूल हकदार एससी-एसटी के छात्र वंचित हैं. आर्थिक रूप से कमजोर छात्र निजी किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं. छात्रावास नहीं मिलने से उनका पठन-पाठन बाधित हो रहा है और उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है. विद्यानंद पासवान ने एसडीओ से मांग की कि अविलंब अवैध कब्जा हटाकर छात्रावास को वंचित वर्गों के छात्रों के लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक रहकर पढ़ाई कर सकें.
फारबिसगंज: कल्याण छात्रावास पर अवैध कब्जे को लेकर एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
फारबिसगंज में एससी-एसटी कल्याण छात्रावास पर अवैध कब्जे को लेकर एसडीओ को ज्ञापन सौंपा गया। छात्रों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।

फारबिसगंज एसडीओ को ज्ञापन सौंपते. | Prabhat Khabar Network