अररिया, फारबिसगंज. हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर फारबिसगंज कॉलेज में शनिवार को "खेलेगा भारत, जीतेगा भारत" थीम पर राष्ट्रीय खेल दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया. इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया.
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डॉ. अवधेश कुमार यादव, प्रो. मनोज राय, शाहनवाज आलम, संतोष कुमार झा, राजेश कुमार, आरपी मौर्य, डॉ. कलाम, प्रो. प्रभाष कुमार और पीटीआई अनिल राठौर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद बीएड की छात्रा श्रुति कुमारी और स्नेहा शर्मा ने राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया.
बैलून फोड़ से शतरंज तक हुई प्रतियोगिताएं
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बैलून फोड़, बैडमिंटन, साइकिल रेस और शतरंज सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतियोगिताओं में बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.
प्रतियोगिताओं में कंचन कुमारी, राशि कुमारी और सादाब ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मेडल और मोमेंटो देकर किया सम्मानित
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्राचार्य प्रो. डॉ. अवधेश कुमार यादव ने मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इस दौरान छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन भी किया गया.
पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी
प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार यादव ने कहा कि कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है. उन्होंने छात्र-छात्राओं से ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है. छात्र अपनी प्रतिभा के बल पर कॉलेज और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें.
