भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली मुद्रा के साथ युवक गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर रानी गेट के पास 1.99 लाख नेपाली रुपये के साथ बंगाल का एक युवक गिरफ्तार, हवाला कनेक्शन की आशंका में पुलिस कर रही है गहन पूछताछ।

जोगबनी (अररिया). भारत-नेपाल सीमा स्थित रानी के एक नंबर गेट पर सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) नेपाल ने जांच के दौरान एक भारतीय नागरिक को नेपाली मुद्रा के साथ हिरासत में लिया है. तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 नेपाली रुपये के 399 नोट, कुल 1 लाख 99 हजार 500 नेपाली रुपये बरामद किए गए.

पश्चिम बंगाल का रहने वाला है युवक

हिरासत में लिए गए युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के नमुनिया, कपासिया ग्राम पंचायत निवासी 34 वर्षीय मनिरुज्जमान के रूप में हुई है. बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा मिलने पर एपीएफ ने उससे पूछताछ की. प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इलाका प्रहरी कार्यालय, रानी के हवाले कर दिया गया.

हवाला कारोबार से जोड़कर हो रही जांच

सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को सीमा क्षेत्र में सक्रिय संभावित हवाला कारोबार से जोड़कर देख रही हैं. बिना वैध दस्तावेज के इतनी बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा के साथ सीमा पार करने के प्रयास को संदिग्ध माना जा रहा है.

रकम के स्रोत और गंतव्य की पड़ताल

पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद नेपाली मुद्रा कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में किसी संगठित नेटवर्क या अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है.

ALSO READ : गबन मामले में फारबिसगंज नप ईओ की तलाश में छापेमारी, आवास व कार्यालय में नहीं मिले रणधीर लाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >