अररिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में पोर्टिको ढहने से मचा हड़कंप, परीक्षा देने आए 18 से अधिक छात्र घायल

Araria Polytechnic Accident: अररिया में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया. परीक्षा देने पहुंचे छात्रों से भरे एक लॉज का जर्जर पोर्टिको अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. हादसे में डेढ़ दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गये, जबकि तीन छात्रों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.

Araria Polytechnic Accident: अररिया से राहुल सिंह की रिपोर्ट: अररिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में परीक्षा देने आए किशनगंज राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रों के साथ यह दर्दनाक हादसा गुरुवार देर रात करीब 10 बजे हुआ. सभी छात्र नगर थाना क्षेत्र के रामपुर कोदरकट्टी पंचायत स्थित हनुमान चौक के एक लॉज में ठहरे हुए थे. बताया जा रहा है कि लॉज के जर्जर पोर्टिको पर अचानक भार बढ़ने से छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिसमें कई छात्र दबकर घायल हो गये.

बातचीत के दौरान टूटा जर्जर पोर्टिको

जानकारी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को अररिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में परीक्षा होने वाली थी. इसी कारण किशनगंज पॉलिटेक्निक के छात्र अररिया पहुंचे थे और एक लॉज में रुके हुए थे.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर शाम कुछ छात्र पोर्टिको की छत पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, जबकि नीचे भी कई छात्र खड़े और बैठे हुए थे. इसी दौरान कमजोर और जर्जर पोर्टिको अधिक भार सहन नहीं कर सका और तेज आवाज के साथ आधा हिस्सा नीचे गिर पड़ा.

किसी का हाथ टूटा, किसी का माथा फटा

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. कई छात्र एक-दूसरे पर गिर पड़े. किसी छात्र का माथा फट गया तो किसी की हड्डी टूट गयी. एक छात्र के सीने की पसलियों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि दो छात्रों की कमर में गंभीर चोट आयी है.

घायलों को आनन-फानन में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और लॉज मालिक की मदद से ऑटो और निजी वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल अधिकांश छात्र खतरे से बाहर हैं, लेकिन तीन छात्रों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने घायल छात्रों के बयान दर्ज किये और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि लॉज की संरचनात्मक स्थिति और मालिक की लापरवाही की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

टल गयी बड़ी जनहानि

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोर्टिको काफी पुराना और कमजोर हो चुका था. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी छात्र की जान नहीं गयी, वरना यह घटना और भी भयावह हो सकती थी.

Also Read: मधेपुरा में दिनदहाड़े किसान से लूट की कोशिश, कट्टा सटाकर की मारपीट, इलाके में दहशत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >