Araria Murder: अररिया जिले के बैरगाछी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोची गांव में एक 36 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मो. खाजा उर्फ खाजा के रूप में हुई है. गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को गांव में शव पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही बैरगाछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
सिर पर मिले धारदार हथियार के निशान
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार के स्पष्ट निशान मिले हैं. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका है कि वारदात देर रात को अंजाम दी गई.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
आवेदन के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
Araria Murder: एसडीपीओ ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है.
ALSO READ: 325 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त; अररिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
