जिले में 124 चिह्नित स्थानों पर पुलिस बल व दंडाधिकारी की हुई तैनाती

संपूर्ण जिला के विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में होंगे अपर समाहर्ता अररिया : बुधवार को ईद-उल-जोहा त्योहार मनाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से चौकस है. इसको लेकर डीएम व एसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है. इसमें कहा गया है कि सांप्रदायिक दृष्टिकोण से यह जिला काफी संवेदनशील है. उपद्रवी तत्वों, अपराधियों […]

संपूर्ण जिला के विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में होंगे अपर समाहर्ता

अररिया : बुधवार को ईद-उल-जोहा त्योहार मनाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से चौकस है. इसको लेकर डीएम व एसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है. इसमें कहा गया है कि सांप्रदायिक दृष्टिकोण से यह जिला काफी संवेदनशील है. उपद्रवी तत्वों, अपराधियों तथा कट्टरपंथी स्वार्थी तत्वों की गतिविधियां इस पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न कर सकती है. ऐसे तत्वों पर विशेष सतर्कता एवं कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. अनुमंडल नियंत्रण कक्ष के अलावा जिला नियंत्रण कक्ष भी काम करता रहेगा. सदर अस्पताल सहित अन्य अस्पताल को भी अलर्ट रखा गया है. अग्नि शमन को भी अलर्ट रखा गया है.
सम्पूर्ण जिला के विधि व्यवस्था का वरीय प्रभार एडीएम आमोद कुमार शरण को दिया गया है. इसके अलावे लगातार पुलिस की गश्ती गाड़ी चिन्हित क्षेत्रों में गश्त लगाती रहेगी. इतना ही नहीं दंडाधिकारी के साथ पुलिस जवान और पुलिस पदाधिकारी को रिजर्व में रखा गया है. जरूरत पड़ने पर सूचना के आधार पर चिन्हित स्थल पर कूच कर जाएंगे. पुलिस पदाधिकारी दंडाधिकारी की जहां-जहां तैनाती की गई है वह 24 अगस्त के पूर्वाह्न में ही अपना हर जगह छोड़ पाएंगे. बहर हाल चाक चौबंद सुरक्षा घेरे में बकरीद पर्व मनाया जाएगा. कोई भी उपद्रवी तक अफवाह फैलाने की कोशिश करेंगे तो प्रशासन उनके विरुद्ध सख्ती से पेश आयेगी.
मुसलिम समाज में उत्साह बुधवार को मनाये जाने वाले कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा यानी बकरीद को लेकर जिले भर के मुसलिम समाज में गजब का उत्साह है. सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के बाद मुसलिम भाई बुधवार की सुबह को आदा की जाने वाली नमाज की तैयारी में लगे रहे. मुसलिम धर्म गुरूओं से मिली जानकारी के अनुसार ईद-उल-अजहा दर असल सुन्नते इब्राहीमी है. हजार इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत की पैरवी में ये पर्व मनाया जाता है. इस अवसर पर अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी जाती है. बताया गया कि हर सामर्थ्यवान मुसलमान के लिए कुर्बानी देना अनिवार्य है. वहीं त्योहार को लेकर पिछले कई दिनों से बाजार में गहमा गहमी थी. आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी में लोग जुटे थे. जबकि एक दिन पहले मंगलवार को दिन भर बाजार में भीड़ लगी रही. इस दौरान अन्य सामग्रियों के साथप दूध व सेवाईयों की भी जम कर खरीदारी हुई. बुधवार को अदा की जाने वाली नमाज को लेकर भी जरूरी तैयारियां होते देखी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >