पटना सिटी : खाजेकलां थाना क्षेत्र के लाल कुआं शेखा की रोजा मुहल्ले में मंगलवार की दोपहर लगभग एक बजे अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मची गयी. इस दरम्यान दो युवक गोली लगने से जख्मी हो गये. जख्मी दोनों को पुलिस ने उपचार के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल व गुरु गोबिंद […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
पटना सिटी : खाजेकलां थाना क्षेत्र के लाल कुआं शेखा की रोजा मुहल्ले में मंगलवार की दोपहर लगभग एक बजे अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मची गयी. इस दरम्यान दो युवक गोली लगने से जख्मी हो गये. जख्मी दोनों को पुलिस ने उपचार के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल व गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया है.
पुलिस का कहना है कि पुरानी अदावत व वर्चस्व की जंग में यह घटना घटी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि आधा दर्जन की संख्या में रहे युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना में 18 वर्षीय छोटू को कमर के पास गोली लगी, वहीं दूसरा युवक इदरीश को घुटने के पास गोली लग गयी.
घटना को अंजाम देने के उपरांत बदमाश वहां से भाग गये. बदमाशों के भागने के उपरांत स्थानीय लोग घरों से निकले और खून से लथपथ सड़क पर पड़े दोनों जख्मियों को उपचार के लिए श्री गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां पर छोटू के शरीर में गोली फंसे होने की स्थिति में बेहतर उपचार के लिए एनएमसीएच रेफर किया गया. वहीं इदरीश को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया.
घटना में जख्मी इदरीश जो चप्पल का कारखाना चलाता है उसका कहना है कि घटना से आधा घंटा पहले सलीम व बबलू समेत अन्य ने जमीन को लेकर काफी कहासुनी व विवाद हुआ था. इसके बाद ही आधा दर्जन लोग मुहल्ला में आकर फायरिंग की.दूसरी ओर छोटू के परिजनों का कहना है कि वह मुहल्ला में खड़ा था, उसी समय में यह घटना हुई. छोटू को वेबजह गोली मारी गयी है. इसी बीच फायरिंग की सूचना मिलने के उपरांत खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच पड़ताल आरंभ की.
थानाध्यक्ष अबरार अहमद ने बताया कि घटना की वजह पुरानी रंजिश व वर्चस्व की लड़ाई है, जो काफी दिनों से चल रही है. इसी अदावत में पहले भी हत्या की वारदात हो चुकी है. दोनों पक्षों के अपराधिक इतिहास की जांच पड़ताल की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि जख्मी के बयान पर प्राथमिकी होगी.