बख्तियारपुर: तीव्र गति से आ रहे ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी. दुर्घटना में चालक सहित ऑटो पर सवार तीन यात्रियों ने मौके पर दम तोड़ दिया. वहीं , तीन अन्य लोग जख्मी हो गये. घटना एनएच-30 पर देदौर गांव के समीप की है.
शुक्रवार की देर रात तीन बजे के करीब बख्तियारपुर से पूरब की ओर जा रहे ऑटो व पटना की ओर से आ रहे दस चक्के वाले ट्रक के बीच टक्कर हो गयी. इस हादसे में ऑटो पर सवार सालिमपुर थाना क्षेत्र के काला दियारा गांव निवासी जयनंदन रजक (50 वर्ष), वैशाली, पहाड़पुर निवासी सनोज कुमार (20 वर्ष) व ऑटोचालक अथमलगोला थाना क्षेत्र के लहेरिया टोला निवासी चंदन कुमार की मौत मौके पर हो गयी.
वहीं , ऑटो पर सवार तीन अन्य व्यक्ति मनोज कुमार, मंटू कुमार व विमल राय सभी दियारा निवासी जख्मी हो गये. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पर तैनात एसआइ रितेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. सभी को अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से पीएचसी पहुंचाया.
जहां चिकित्सकों ने तीन व्यक्तियों जयनंदन रजक, चंदन कुमार व सनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने जख्मी मनोज कुमार, मंटू कुमार व विमल राय को पीएमसीएच रेफर कर दिया. दुर्घटना के बाद ट्रकचालक वाहन सहित फरार हो गया. पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद पुलिस ने शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया. जानकारी के अनुसार सभी लोग अथमलगोला थाने के लहेरियाटोला में किसी कार्यक्रम में भाग लेकर घर लौट रहे थे.
