India vs Zimbabwe T20I series: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर नई शुरुआत के इरादे से उतरने के लिए तैयार हैं. अंडर-19 विश्व कप में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव ने कहा कि पिछले चार महीनों में उनके करियर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन वह इसे क्रिकेट का हिस्सा मानते हैं और आगे बढ़ने पर पूरा ध्यान दे रहे हैं.
हरारे मेरे लिए बेहद खास
बीसीसीआई टीवी से बातचीत में वैभव ने कहा, 'हरारे मेरे लिए बेहद खास मैदान है. यहीं हमने अंडर-19 विश्व कप जीता था. भारत का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है. जिस मैदान पर हमने इतिहास रचा, वहां दोबारा खेलने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद यादगार पल है.'
पिछले 4 महीनों में काफी उतार-चढ़ाव आए
हालांकि, अंडर-19 विश्व कप के बाद सीनियर टीम के साथ इंग्लैंड दौरा उनके लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टी20 सीरीज की तीन पारियों में उन्होंने 14, 13 और 15 रन बनाए, जबकि दो बार इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंदों का शिकार बने. भारत को भी पांच मैचों की सीरीज में 0-4 से हार झेलनी पड़ी. अपने हालिया प्रदर्शन पर वैभव ने कहा, 'पिछले चार महीनों में काफी उतार-चढ़ाव आए हैं, लेकिन यही क्रिकेट और जिंदगी का हिस्सा है. हम अपनी प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखेंगे और टीम के लिए हमेशा अपना 100 प्रतिशत देंगे.'
23 जुलाई से टी20 सीरीज
भारत 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा. सभी मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होंगे. यह वही मैदान जहां चार महीने पहले वैभव ने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को 100 रन से खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
इसे भी पढ़े- भारतीय महिला टीम के पास विकल्पों की कमी, हरमनप्रीत कौर को कप्तानी से हटाने पर बोली अंजुम चोपड़ा
