FIFA World Cup Champion's Parade: फीफा विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद स्पेन की फुटबॉल टीम का राजधानी मैड्रिड में जोरदार स्वागत हुआ. विश्व चैंपियन टीम के सम्मान में निकाली गई ओपन-टॉप बस विक्ट्री परेड में करीब 20 लाख प्रशंसक सड़कों पर उमड़ पड़े. पूरे शहर में लाल और पीले रंग की जर्सी पहने समर्थक अपनी टीम की जीत का जश्न मनाते नजर आए.
स्पेन के राजा से मिले खिलाड़ी व कोच
संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यू जर्सी में खेले गए फीफा फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की थी. स्वदेश लौटने के बाद खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने सबसे पहले स्पेन के राजा फेलिपे VI (King Felipe VI) और शाही परिवार से मुलाकात की. इसके बाद टीम ने प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज से मुलाकात की, जिन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन और ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी.
मैड्रिड की सड़कों पर निकली बस
इसके बाद पूरी टीम 'Stars Shine Together' लिखी ओपन-टॉप बस में सवार होकर मैड्रिड की सड़कों पर निकली. खिलाड़ियों ने 'Somos Campeones' (हम चैंपियन हैं) लिखी विशेष टी-शर्ट पहन रखी थी. विश्व कप ट्रॉफी हाथ में लिए खिलाड़ी पूरे रास्ते नाचते-गाते रहे और लाखों प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया.
यह ट्रॉफी सभी प्रशंसकों को समर्पित
स्पेन के कप्तान रोड्री ने इस उपलब्धि को अपने करियर का सबसे बड़ा पल बताया. उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा कहता हूं कि अपने देश के लिए विश्व कप जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे खूबसूरत एहसास होता है. यह ट्रॉफी हम अपने सभी प्रशंसकों को समर्पित करते हैं. 'वहीं मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते भी इस स्वागत से भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, 'इतने जुनूनी और समर्पित प्रशंसकों वाले देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है. '
जश्न मनाते नजर आए सभी
फाइनल में स्पेन के लिए निर्णायक गोल करने वाले फेरान टोरेस ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चों और प्रशंसकों के चेहरे पर मुस्कान देखकर उन्हें सबसे ज्यादा संतोष मिला. वहीं, डिफेंडर मार्क कुकुरेला परेड के दौरान ड्रम बजाते और साथियों के साथ जश्न मनाते नजर आए.
गायकों ने बांधा समा
मैड्रिड की ऐतिहासिक सिबेल्स स्क्वायर पर आयोजित मुख्य समारोह में खिलाड़ियों का एक-एक कर परिचय कराया गया. सभी खिलाड़ियों ने अपनी पसंद के गाने पर मंच पर एंट्री की. इस दौरान गायक ऐताना, एना मेना और लोला इंडिगो ने अपने प्रदर्शन से माहौल को और भी रंगीन बना दिया. खिलाड़ियों ने बाद में अपने कोच लुइस डे ला फुएंते को कंधों पर उठाकर जीत का जश्न मनाया.
इसे भी पढ़े- प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे विराट-अनुष्का, वीडियो वायरल
