Shoaib Akhtar Messi vs Ronaldo Debate: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन द्वारा अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब जीतने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का नाम जमकर ट्रेंड कर रहा है. पीटीवी स्पोर्ट्स के लाइव स्टूडियो में फुटबॉल वर्ल्ड कप कवरेज के दौरान शोएब अख्तर को एक एक्सपर्ट पैनलिस्ट के रूप में देखकर दर्शकों को खासा आश्चर्य हुआ, जिसने सोशल मीडिया पर एक तीखी बहस को जन्म दे दिया है. एक तरफ जहां उनके प्रशंसक फुटबॉल के इस वैश्विक मंच पर उनके बेबाक और ऊर्जावान अंदाज की प्रशंसा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एक बड़ा वर्ग इस चयन पर सवाल खड़े कर रहा है. आलोचकों का तर्क है कि फुटबॉल जैसे तकनीकी खेल के लिए एक अनुभवी फुटबॉलर की जगह एक क्रिकेटर को बुलाना तार्किक नहीं है और यह खेल की विशेषज्ञता के साथ न्याय नहीं करता है.
रोनाल्डो को बताया फुटबॉल का सबसे बड़ा ब्रांड
शोएब अख्तर का मानना है कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो न केवल मैदान पर, बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी फुटबॉल का सबसे बड़ा नाम हैं. उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों में रोनाल्डो की लोकप्रियता ने फुटबॉल को वैश्विक स्तर पर ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, जिससे फीफा और तमाम फुटबॉल लीगों की कमाई और रुतबे में बड़ा उछाल आया है.
क्यों शोएब अख्तर के लिए मेसी हैं दुनिया के सबसे महान खिलाड़ी?
शोएब अख्तर के अनुसार, अगर केवल फुटबॉल की क्षमता और खेल की गुणवत्ता की बात की जाए, तो लियोनेल मेसी क्रिस्टियानो रोनाल्डो से काफी आगे हैं. अख्तर का मानना है कि मैदान पर तकनीक और प्रभाव के मामले में मेसी का कोई मुकाबला नहीं है. हालांकि वे रोनाल्डो की उपलब्धियों का भी भरपूर सम्मान करते हैं, लेकिन मेसी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि फाउल होने या विरोधी खिलाड़ियों द्वारा गिराए जाने के बावजूद, वे हार नहीं मानते और तुरंत उठकर अपना खेल जारी रखते हैं.
पेप गार्डियोला का उदाहरण देकर समझाई मेसी की महानता
शोएब अख्तर ने अपने तर्क को मजबूत करने के लिए पूर्व बार्सिलोना कोच जोसेप पेप गार्डियोला की एक पुरानी टिप्पणी का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि गार्डियोला के अनुसार, मेसी मैच के शुरुआती लंबे समय तक मैदान और विरोधी टीम की रणनीति को ध्यान से पढ़ते रहते हैं. जब उन्हें विरोधी टीम की कमजोरियां समझ में आ जाती हैं, तभी वे हमला करते हैं और उस समय उन्हें रोकना लगभग असंभव हो जाता है. अख्तर ने कहा कि यही क्षमता मेसी को दुनिया के बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है.
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
विश्व कप फाइनल के दौरन शोएब अख्तर की मौजूदगी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. कई फुटबॉल प्रशंसकों ने कहा कि अख्तर खेल के प्रति अपने जुनून की वजह से दिलचस्प विश्लेषण कर रहे थे. वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि फुटबॉल के इतने बड़े मुकाबले में किसी पूर्व क्रिकेटर को एक्सपर्ट्स पैनल में शामिल करने की क्या जरूरत थी. उनके बयान वाले वीडियो क्लिप्स कुछ ही घंटों में अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गए और मेसी बनाम रोनाल्डो की बहस एक बार फिर तेज हो गई.
स्पेन बना दो बार का वर्ल्ड चैंपियन
इस बहस के बीच मैदान पर स्पेन ने इतिहास रच दिया. अतिरिक्त समय के 106वें मिनट में फेरन टॉरस ने निर्णायक गोल कर स्पेन को 1-0 की जीत दिलाई. अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने पूरे मैच में कई शानदार बचाव किए, जिससे मुकाबला लंबे समय तक बराबरी पर बना रहा. वहीं सामान्य समय के अंतिम चरण में एंजो फर्नांडीज को रेड कार्ड मिलने के बाद अर्जेंटीना को झटका लगा और अतिरिक्त समय में स्पेन ने विजयी गोल दागकर दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
इसे भी पढ़े- FIFA World Cup 2026 Final: स्पेन और अर्जेंटीना के खिलाड़ियों में जमकर धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
