भारत के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली. रोहित किसी एक विदेशी देश में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
39 वर्षीय रोहित ने इंग्लैंड की धरती पर अपना आठवां वनडे शतक जड़ते हुए विश्व रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से चार बल्लेबाजों के नाम था, जिन्होंने किसी एक विदेशी देश में सात-सात वनडे शतक लगाए थे.
रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
रोहित ने इस मामले में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, पाकिस्तान के सईद अनवर, दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और क्विंटन डिकॉक को पीछे छोड़ दिया. सचिन और सईद अनवर ने यूएई में सात-सात वनडे शतक लगाए थे, जबकि डिविलियर्स और डिकॉक ने भारत में सात-सात शतक जड़े थे.
किसी विदेशी देश में सबसे ज्यादा ODI शतक
| खिलाड़ी | विदेशी देश | शतक |
| रोहित शर्मा | इंग्लैंड | 8 |
| सचिन तेंदुलकर | यूएई | 7 |
| सईद अनवर | यूएई | 7 |
| एबी डिविलियर्स | भारत | 7 |
| क्विंटन डिकॉक | भारत | 7 |
8वें ओवर से रोहित शर्मा ने पकड़ी लय
388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर अपने चिर-परिचित अंदाज में मैच पर पकड़ बना ली. मुकाबले का रुख आठवें ओवर में बदला, जब जोश टंग अपनी लाइन से भटक गए. रोहित ने इस ओवर में एक चौका, शानदार पुल शॉट और बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर छक्का लगाकर 14 रन बटोरे.
51 गेंदों में रोहित का अर्धशतक
रोहित ने 21वें ओवर में गस एटकिंसन की गेंद पर लगातार दो बाउंड्री लगाकर 51 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. गिल 77 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने.
84 गेंद में रोहित का शतक
गिल के आउट होने के बाद विराट कोहली क्रीज पर आए और रोहित ने अपने गियर बदल दिए. उन्होंने 29वें ओवर में जोश टंग को लगातार दो छक्के जड़कर नर्वस नाइंटीज का दबाव खत्म किया. इसके बाद आदिल रशीद की गेंद पर स्लॉग स्वीप खेलकर चौका लगाया और अपना शतक पूरा किया. जैसे ही रोहित ने तीन अंकों का आंकड़ा छुआ, पूरा लॉर्ड्स स्टेडियम खड़ा होकर उनका अभिवादन करने लगा. भारतीय ड्रेसिंग रूम में मौजूद मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत सभी खिलाड़ियों ने तालियां बजाकर इस शानदार पारी का स्वागत किया. रोहित ने भी संयमित अंदाज में दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया.
138 रन बनाकर आउट हुए रोहित
रोहित शर्मा 138 रन बनाकर आउट हो गए. इस दौरान रोहित के बल्ले से 17 चौके और 5 छक्के निकले. इस दौरान वो इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले दुनिया के पहले विदेशी खिलाड़ी बने.
ये भी पढ़ें: इंग्लैंड में रोहित शर्मा का जलवा, ODI में ऐसा कारनामा करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बने
