43 की उम्र, पहला कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियन को मात... जानिए कौन हैं पुतुल सोनोवाल

43 वर्षीय पुतुल सोनोवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लॉन बॉल्स मुकाबले में कनाडा के विश्व चैंपियन रयान बेस्टर को हराकर सनसनी फैला दी है. असम पुलिस में कार्यरत पुतुल ने अपने पहले ही गेम्स में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है.

CWC 2026, Glasgow : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पहले ही दिन भारत के लिए एक ऐसा नाम चर्चा में आ गया, जिसके बारे में शायद ही पहले बहुत कम लोग जानते थे. यह नाम है पुतुल सोनोवाल. 43 वर्षीय इस भारतीय खिलाड़ी ने लॉन बॉल्स पुरुष एकल (Men's Singles) मुकाबले में मौजूदा विश्व चैंपियन कनाडा के रयान बेस्टर को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. इस जीत के बाद हर कोई जानना चाहता है कि आखिर पुतुल सोनोवाल हैं कौन?

43 साल की उम्र में कॉमनवेल्थ गेम्स डेब्यू

असम के रहने वाले पुतुल सोनोवाल पेशे से असम पुलिस में कार्यरत हैं. 43 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया और अपने पहले ही मुकाबले में दुनिया के सबसे सफल लॉन बॉल्स खिलाड़ियों में शामिल रयान बेस्टर को हराकर इतिहास रच दिया.

टाईब्रेकर में दिखाई जबरदस्त हिम्मत

सेक्शन-डी के इस मुकाबले में पुतुल ने पहला सेट 5-4 से अपने नाम किया. हालांकि बेस्टर ने दूसरे सेट में 7-3 से वापसी करते हुए मुकाबले को टाईब्रेकर तक पहुंचा दिया. निर्णायक टाईब्रेकर में पुतुल ने दबाव के बावजूद शानदार संयम दिखाया और यादगार जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली. अब उनका अगला मुकाबला फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा.

क्यों खास है यह जीत?

पुतुल की यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि रयान बेस्टर लॉन बॉल्स के सबसे अनुभवी और सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. वह 2023 के विश्व आउटडोर चैंपियन हैं और विश्व आउटडोर चैंपियनशिप में सात पदक जीत चुके हैं. इसके अलावा वह कॉमनवेल्थ गेम्स में एक कांस्य और दो रजत पदक भी अपने नाम कर चुके हैं. 2025 में उन्हें वर्ल्ड बॉल्स हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया था.

एशियन चैंपियन भी हैं पुतुल

पुतुल सोनोवाल का यह प्रदर्शन किसी एक दिन का चमत्कार नहीं है. उन्होंने 2026 एशियन लॉन बॉल्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. इसके अलावा राष्ट्रीय लॉन बॉल्स चैंपियनशिप के पुरुष ट्रिपल्स में स्वर्ण और पुरुष एकल में कांस्य पदक भी जीत चुके हैं.

महिला टीम ने भी दिलाई जीत

लॉन बॉल्स में भारत की महिला जोड़ी रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए माल्टा की जोड़ी को टाईब्रेकर में हराया. पहला सेट भारत ने 7-1 से जीता, जबकि माल्टा ने दूसरा सेट 4-3 से अपने नाम किया. इसके बाद टाईब्रेकर में भारतीय जोड़ी ने दबाव के बीच जीत दर्ज कर अगले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ने का टिकट हासिल किया.

ये भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत को मिली पहली जीत, जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >