शुरुआती दबदबे के बाद भी फिसली पंजाब किंग्स, 19 सीजन में 16वीं बार टूटा दिल

Punjab Kings: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का सफर खत्म हो गया है. शुरुआती 7 मैच लगातार जीतने के बाद भी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी.

Punjab Kings: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमों के नाम सामने आ गए हैं. इस बार आरसीबी, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने टॉप-4 में जगह बनाई है. इस सीजन का सबसे बड़ा उलटफेर यह रहा कि पंजाब किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल रही पंजाब की टीम 14 मैचों में सिर्फ 15 पॉइंट्स ही जुटा सकी और अंक तालिका में 5वें नंबर पर रही. शुरुआती बढ़त के बाद टीम का इस तरह बाहर होना फैंस के लिए काफी चौंकाने वाला है.

पंजाब किंग्स का रिकॉर्डतोड़ सफर

सीजन के पहले हाफ में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन ऐसा था जिसे देखकर लग रहा था कि उन्हें कोई रोक नहीं पाएगा. वहीं, पंजाब ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. आईपीएल इतिहास में पंजाब इकलौती ऐसी टीम बनी, जो शुरुआती 7 मैचों में एक बार भी नहीं हारी. पंजाब ने 6 मैचों में शानदार जीत दर्ज की, जबकि 1 मैच बारिश की वजह से धुल गया था. इसके साथ ही पंजाब ने धुआंधार बल्लेबाजी के बदौलत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रनों का विशाल लक्ष्य भी आसानी से हासिल कर लिया था. हालांकि, इतने शानदार और ऐतिहासिक आगाज के बाद भी टीम का प्लेऑफ में न पहुंच पाना वाकई हैरान करने वाला है.

कहाँ चूकी पंजाब किंग्स

शानदार शुरुआत के बाद 8वें मैच से पंजाब किंग्स की किस्मत बदल गई. हार का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ जो 13वें मैच तक जारी रहा. लगातार 6 मैचों में मिली हार ने टीम की पोल खोलकर रख दी. इस सीजन पंजाब की फील्डिंग बेहद खराब रही और गेंदबाजों ने भी काफी निराश किया. पंजाब ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच जीता तो जरूर, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

किस्मत ने भी नहीं दिया साथ

पंजाब की उम्मीदें पूरी तरह मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के आखिरी मैच पर टिकी थीं. अगर मुंबई यह मैच जीत जाती, तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंच जाता. लेकिन ऐसा नहीं हुआ और राजस्थान की जीत के साथ ही पंजाब किंग्स का सफर यहीं खत्म हो गया.

19 सीजन, सिर्फ 3 बार प्लेऑफ

पंजाब किंग्स आईपीएल के पहले सीजन (2008) से खेल रही है. लेकिन 19 सालों के इतिहास में टीम का इस बार प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. इस सीजन भी बाहर होने के बाद पंजाब के नाम कुछ ऐसे आंकड़े दर्ज हो गए हैं जो उनके फैंस को परेशान करने वाले हैं. 19 सीजनों में पंजाब सिर्फ 3 बार (2008, 2014 और 2025) ही प्लेऑफ में पहुंच सकी है. टीम को अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार है. पंजाब 2014 और 2025 में फाइनल तक पहुंची तो सही, लेकिन दोनों ही बार खिताबी मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा.

यह भी पढ़े- युवराज सिंह का फूटा गुस्सा, हरप्रीत बरार को सरेआम लगा दी क्लास 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >