WI vs Pak 1st Test 2026: वेस्टइंडीज ने ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में पाकिस्तान को 90 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया. 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 120 रन पर सिमट गई. इस हार के साथ पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ना पड़ा. पाकिस्तान के लिए यह हार इसलिए भी निराशाजनक रही क्योंकि टीम को जीत के लिए बेहद आसान लक्ष्य मिला था. वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 181 रन बनाए थे, जिसके बाद पाकिस्तान के सामने जीत के लिए सिर्फ 211 रन का लक्ष्य था. लेकिन बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन ने गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फेर दिया.
बल्लेबाजों ने किया निराश
मैच में पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 282 रन ही बना सकी और 29 रन से पिछड़ गई. इसके बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार वापसी कराई. दूसरी पारी में उन्होंने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और वेस्टइंडीज की पारी को 181 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. गेंदबाजों की इस शानदार कोशिश के बाद पाकिस्तान के पास जीत का सुनहरा मौका था. लेकिन बल्लेबाज इस मौके को भुना नहीं सके.
211 रन का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सका पाकिस्तान
रन चेज शुरू होते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी बिखर गई. टीम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया. हालात इतने खराब रहे कि बाबर आजम और नंबर-10 के बल्लेबाज मोहम्मद अब्बास के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका. पाकिस्तान की दूसरी पारी में सिर्फ बाबर आजम ने संघर्ष दिखाया. उन्होंने 58 रन बनाकर नाबाद रहते हुए अकेले मोर्चा संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई साथ नहीं मिला. एक के बाद एक विकेट गिरते रहे और बाबर अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके.
बाबर आजम की पारी पर फिरा पानी
बाबर आजम ने आखिरी तक क्रीज पर टिककर टीम की हार को सामने से देखा. उनकी 58 रन की नाबाद पारी पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सकी. बल्लेबाजों के सामूहिक फ्लॉप प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान 211 रन के लक्ष्य से काफी दूर रह गया. यह हार पाकिस्तान के लिए विदेशी जमीन पर लगातार आठवीं टेस्ट हार भी है. टीम के लिए यह चिंता का विषय है क्योंकि गेंदबाजों ने जीत की नींव तैयार की थी, लेकिन बल्लेबाज उस पर खड़े नहीं उतर सके.
वेस्टइंडीज के लिए शानदार जीत
पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत वेस्टइंडीज के लिए कई मायनों में खास रही. पिछले 11 टेस्ट मैचों में यह उसकी सिर्फ दूसरी जीत है. लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रही वेस्टइंडीज टीम के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित होगी. इस जीत की खास बात यह भी रही कि वेस्टइंडीज ने इसकी पटकथा महान क्रिकेटर सर गैरीफील्ड सोबर्स के 90वें जन्मदिन के मौके पर लिखी. टीम ने अपनी इस यादगार जीत को सर गैरी सोबर्स को समर्पित किया.
सीरीज में वेस्टइंडीज आगे
पहला टेस्ट जीतने के साथ ही वेस्टइंडीज ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. पाकिस्तान के सामने अब दूसरे टेस्ट में वापसी करने की चुनौती होगी, जबकि वेस्टइंडीज की नजर सीरीज जीतने पर होगी.
इसे भी पढ़े- WTC पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर भारत, श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट जीतना क्यों है बेहद जरूरी?
