Highlights
Ammad Butt Shocking revelation: पाकिस्तान की नेशनल हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट (Ammad Shakeel Butt) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटते ही पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने जो खुलासे किए हैं, उसने खेल जगत को हैरान कर दिया है. कप्तान ने आरोप लगाया है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खिलाड़ियों के साथ मजदूरों जैसा बर्ताव किया गया. उन्होंने बताया कि मैच खेलने से पहले खिलाड़ियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उनसे सफाई का काम करवाया गया.
मैच से पहले बर्तन और टॉयलेट धोने की मजबूरी
कप्तान अम्माद बट ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दी गईं. हालात इतने खराब थे कि खिलाड़ियों को मैदान पर उतरने से पहले किचन की सफाई करनी पड़ी और बर्तन धोने पड़े. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि खिलाड़ियों को टॉयलेट साफ करने के लिए भी मजबूर किया गया. कप्तान ने सवाल उठाया कि जब खिलाड़ी मैच से पहले बर्तन धोएंगे और सफाई करेंगे, तो आप उनसे अच्छे नतीजे की उम्मीद कैसे कर सकते हैं. मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को तीन वक्त का खाना खुद मैनेज करने के लिए कहा, जिसके लिए उन्हें बहुत कम दैनिक भत्ता दिया गया था.
सड़क पर भटकने को मजबूर हुई टीम
दौरे के दौरान अव्यवस्था का आलम यह था कि टीम को रहने के लिए जगह तक नहीं मिली. जब टीम FIH प्रो लीग मुकाबलों के लिए होटल पहुंची, तो उन्हें बताया गया कि उनकी बुकिंग नहीं है क्योंकि पेमेंट नहीं किया गया था. इसके कारण खिलाड़ियों को घंटों तक ऑस्ट्रेलिया की सड़कों पर भटकना पड़ा. सिडनी एयरपोर्ट पर भी खिलाड़ियों को 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा. कप्तान ने बताया कि एयरबीएनबी केवल 10 दिनों के लिए बुक था, जबकि टीम को 13 दिन रुकना था. बाद में उन्हें सस्ते ठिकानों पर शिफ्ट होना पड़ा. अगले ही दिन मैच था, जिसमें पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा.
पैसे मिलने के बाद भी नहीं हुई बुकिंग
इस मामले में पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) की महानिदेशक नूरिश सबाह ने भी कप्तान के आरोपों को सही बताया है. उन्होंने एयरपोर्ट पर पुष्टि की कि बोर्ड ने टीम के होटल और रहने की व्यवस्था के लिए 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से ज्यादा की राशि दी थी. इसके बावजूद PHF ने बुकिंग रद्द कर दीं. भुगतान न होने के कारण ही खिलाड़ियों को बेइज्जती झेलनी पड़ी. बाद में वहां रहने वाले स्थानीय पाकिस्तानी समुदाय की मदद से रहने का इंतजाम हो पाया.
टीम को तोड़ने की कोशिश और धमकी
अम्माद बट ने आरोप लगाया कि खराब मैनेजमेंट को छुपाने के लिए PHF ने टीम में फूट डालने की कोशिश की. खिलाड़ियों को अकेले में बुलाकर पूछा गया कि वे कप्तान के साथ हैं या फेडरेशन के साथ. हालांकि, कप्तान ने कहा कि पूरी टीम एकजुट होकर उनके साथ खड़ी है. उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें मीडिया से बात करने पर प्रतिबंध की धमकी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे मानने से इनकार कर दिया. उनका कहना है कि मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को मानसिक रोगी बना दिया है.
PM करेंगे जांच, विदेशी कोच की मांग
पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंपी जाएगी. पीएम ने वित्तीय गड़बड़ी और बदइंतजामी का संज्ञान लेते हुए कड़ी जांच के आदेश दिए हैं. वहीं, कप्तान अम्माद बट ने साफ कहा है कि अगर पाकिस्तान हॉकी को आगे बढ़ाना है, तो मौजूदा मैनेजमेंट के साथ काम करना संभव नहीं है. उन्होंने टीम के लिए एक विदेशी कोच की मांग की है. उनका मानना है कि टीम में टैलेंट की कमी नहीं है, बस सही दिशा और बेहतर सुविधाओं की जरूरत है.
ये भी पढ़ें-
यूएई के बल्लेबाज को लगी गेंद, हवा में उड़ा हेलमेट, मैदान पर छा गया सन्नाटा
Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, बंगाल को हराकर पहली बार फाइनल में बनाई जगह
कोहली से तुलना करना बेकार, बाबर आजम पर भड़के दिनेश कार्तिक
