Budget 2026: 'खेलो इंडिया मिशन' से बदलेगी देश की किस्मत, अब मेडल के साथ मिलेगा रोजगार

Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में 'खेलो इंडिया मिशन' लॉन्च किया है. यह 10 साल की योजना खेलों को अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ेगी. इसके तहत कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में लाखों नौकरियां पैदा होंगी, जिससे 2030 कॉमनवेल्थ और 2036 ओलंपिक के लिए भारत की नींव मजबूत होगी.

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने बजट 2026 (Budget 2026) में खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की है. सरकार ने ‘खेलो इंडिया’ को अब एक नए और बड़े कलेवर में ‘खेलो इंडिया मिशन’ के रूप में लॉन्च करने का फैसला किया है. अगले 10 सालों का यह विजन भारत को दुनिया के खेल मानचित्र पर एक महाशक्ति बनाने के लिए तैयार किया गया है. खास बात यह है कि इस मिशन के जरिए सरकार खेल को सिर्फ मनोरंजन या सेहत तक सीमित न रखकर इसे देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार का मुख्य जरिया बनाने जा रही है.

वित्त मंत्री के अनुसार, खेलो इंडिया मिशन का मकसद टैलेंट को तराशने के साथ-साथ युवाओं के लिए नौकरी के नए अवसर पैदा करना है. 

जमीनी टैलेंट को मिलेगा इंटरनेशनल मंच

खेलो इंडिया मिशन के तहत अब देश के छोटे गांवों और शहरों से खिलाड़ियों को खोजने का काम और तेज होगा. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी होनहार खिलाड़ी सुविधाओं की कमी के कारण पीछे न छूटे. इस मिशन के जरिए खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और उनके रहने-खाने का स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों के बराबर किया जाएगा, ताकि वे ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर तिरंगा लहरा सकें.

कोचिंग और ट्रेनिंग में पेशेवर बदलाव

अब केवल पुराने तरीकों से काम नहीं चलेगा. खेलो इंडिया मिशन के तहत सर्टिफाइड कोच, हाई-परफॉरमेंस डायरेक्टर और स्काउट्स की एक बड़ी फौज तैयार की जाएगी. इससे उन खिलाड़ियों और युवाओं को बड़ा फायदा होगा जो खेल की बारीकियों को समझते हैं और इसे अपना करियर बनाना चाहते हैं. तकनीकी भूमिकाओं में हजारों नई नौकरियों के रास्ते खुलेंगे.

स्पोर्ट्स साइंस को बढ़ावा

आधुनिक खेलों में जीत के लिए साइंस बहुत जरूरी है. खेलो इंडिया मिशन के विस्तार से फिजियोथेरेपिस्ट, स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट (मनोवैज्ञानिक) और डाइट एक्सपर्ट्स की मांग बढ़ेगी. सरकार चाहती है कि हर खिलाड़ी को मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए प्रोफेशनल्स की एक टीम मिले. यह स्पोर्ट्स मेडिसिन में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए बेहतरीन मौका होगा.

स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और स्टेडियम का रखरखाव

खेलों के आयोजन के लिए अब मैनेजमेंट के जानकारों की जरूरत होगी. खेलो इंडिया मिशन बड़े स्तर पर स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और इवेंट ऑर्गनाइज करने वाली कंपनियों और युवाओं को साथ जोड़ेगा. स्टेडियम के रखरखाव और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में भी रोजगार के लाखों अवसर पैदा होंगे, जिससे खेल का पूरा ढांचा पेशेवर बनेगा.

स्वदेशी खेल उपकरणों का निर्माण

‘मेक इन इंडिया’ के तहत अब भारत दुनिया के लिए खेल का सामान बनाएगा. खेलो इंडिया मिशन के जरिए देश में ही बेहतरीन क्वालिटी के बैट, जूते और अन्य गियर तैयार किए जाएंगे. इससे न केवल खिलाड़ियों को सस्ता सामान मिलेगा, बल्कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भारी निवेश और नौकरियां भी आएंगी.

कॉमनवेल्थ और ओलंपिक पर निशाना 

भारत साल 2030 में अहमदाबाद में होने वाले 100वें कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है. साथ ही 2036 के ओलंपिक के लिए भी भारत की दावेदारी मजबूत है. खेलो इंडिया मिशन इन्ही बड़े सपनों को सच करने की सीढ़ी है. साल 2018 में शुरू हुआ यह सफर अब एक मिशन मोड में आ गया है, जो भारत की राष्ट्रीय पहचान और अर्थव्यवस्था दोनों को नई मजबूती देगा.

ये भी पढ़ें-

Budget 2026: वित्त मंत्री ने खिलाड़ियों और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को दिया बड़ा तोहफा, जानें 5 बड़ी बातें

Budget 2026: अब सस्ते होंगे खेल के सामान, गांव के टैलेंट को मिलेगी नई उड़ान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >