Eng vs Pak: क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ी अपनी खास उपलब्धियों को यादगार बनाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं, लेकिन इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन जो हुआ, वह बेहद अनोखा था. पाकिस्तान की पहली पारी 171 रन पर सिमटने के बाद इंग्लैंड के दो गेंदबाजों ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने मैच की गेंद को आपस में आधा-आधा बांट लिया. इसके लिए गेंद को बाकायदा काटकर दो हिस्सों में किया गया. अब सवाल था कि आखिर दोनों गेंदबाजों को गेंद काटने की जरूरत क्यों पड़ी?
दोनों गेंदबाजों ने बांटे 5-5 विकेट
दरअसल, पाकिस्तान की पहली पारी में इंग्लैंड की गेंदबाजी के सामने बल्लेबाज टिक नहीं सके. ओली रॉबिन्सन ने शानदार वापसी करते हुए 51 रन देकर पांच विकेट हासिल किए. वहीं, जोश टंग ने 46 रन देकर पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इस तरह पाकिस्तान के सभी 10 विकेट इन दोनों गेंदबाजों के नाम रहे. पाकिस्तान की पूरी टीम 171 रन पर ऑलआउट हो गई और दोनों ने बराबर पांच-पांच विकेट लेकर फाइव-विकेट हॉल पूरा किया.
फिर सामने आई एक अनोखी समस्या
टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज के लिए मैच की गेंद अपने साथ ले जाना एक खास यादगार माना जाता है. लेकिन यहां समस्या यह थी कि एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट लिए थे. मैच की गेंद एक ही थी और उसे दोनों ही अपने प्रदर्शन की निशानी के तौर पर अपने पास रखना चाहते थे. ऐसे में यह तय करना आसान नहीं था कि गेंद किसे मिलेगी.
ओली रॉबिन्सन ने दिया गेंद काटने का आइडिया
मैदान से बाहर जाते समय रॉबिन्सन ने टंग के सामने एक ऐसा सुझाव रखा, जिसकी शायद दोनों ने भी कल्पना नहीं की थी. उन्होंने कहा कि क्यों न मैच की गेंद को ही दो हिस्सों में बांट लिया जाए, ताकि दोनों के पास इस शानदार प्रदर्शन की अपनी यादगार हो. टंग को भी यह आइडिया पसंद आया. इसके बाद दोनों ने हेडिंग्ले के ग्राउंड स्टाफ से मदद मांगी.
पांच मिनट में गेंद के हो गए दो हिस्से
ग्राउंड स्टाफ ने दोनों गेंदबाजों की इस अनोखी मांग को पूरा किया. मैच की लेदर गेंद को उसकी सिलाई के बीच से काटकर दो हिस्सों में बांट दिया गया. इस तरह रॉबिन्सन और टंग दोनों को गेंद का आधा-आधा हिस्सा मिल गया. अब दोनों के पास उस टेस्ट मैच की ऐसी यादगार है, जिसे क्रिकेट के आम दर्शकों ने शायद ही कभी देखा हो.
पाकिस्तान की पारी में दोनों ने मचाया कहर
इस अनोखी कहानी के पीछे दोनों गेंदबाजों का मैदान पर किया गया प्रदर्शन भी उतना ही खास था. ओली रॉबिन्सन ने मैच की शुरुआत से ही पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया और पांच विकेट अपने नाम किए. दूसरी ओर जोश टंग ने पाकिस्तान की पारी के मध्य और निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभाई. दोनों के संयुक्त प्रयास से पाकिस्तान की टीम 171 रन पर ढेर हो गई.
Also Read: दोनों हाथों से स्पिन, फिर विकेटों की बौछार... बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा रहा ये गेंदबाज
