Kumar Sangakkara on Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले वर्षों में भारतीय और विश्व क्रिकेट के बड़े खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं. संगकारा ने कहा कि युवा बल्लेबाज मानसिक रूप से बेहद मजबूत है और उसे मिल रही लोकप्रियता का उस पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ रहा.
संगकारा ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स की टीम लगातार इस बात पर नजर रखती है कि वैभव जमीन से जुड़ा रहे और अपने खेल पर फोकस बनाए रखे. उन्होंने कहा, “वैभव को बल्लेबाजी करना पसंद है. उसे खेल से प्यार है. शोहरत और चमक-दमक का उस पर ज्यादा असर नहीं पड़ता. वह बेहद सहज और जिज्ञासु स्वभाव का लड़का है.”
12 साल की उम्र में मिली थी पहचान
संगकारा ने खुलासा किया कि राजस्थान रॉयल्स को वैभव के बारे में पहली बार 2023 में जानकारी मिली थी, जब टीम के एनालिस्ट अक्षय ने उनकी प्रतिभा के बारे में बताया था. उन्होंने कहा, “हमें बताया गया कि 12 साल का एक लड़का है जो असाधारण प्रतिभा रखता है. पहले हमें लगा कि शायद मजाक हो रहा है, लेकिन हमारे एनालिस्ट को पूरा भरोसा था. जब राहुल द्रविड़ ने उसे कुछ मिनट बल्लेबाजी करते देखा तो उन्होंने तुरंत कहा कि हमें इस खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ना चाहिए.”
जोफ्रा आर्चर को भी कर दिया था हैरान
संगकारा ने वैभव से पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि गुवाहाटी में आयोजित एक कैंप के दौरान जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा नई गेंद से गेंदबाजी कर रहे थे और कोई भी बल्लेबाज उनके सामने जाने को तैयार नहीं था.
संगकारा के मुताबिक, “वैभव खुद आगे आया और बोला कि वह बल्लेबाजी करेगा. उसने जिस आत्मविश्वास से बल्लेबाजी की, उसे देखकर सभी हैरान रह गए. यहां तक कि जोफ्रा आर्चर भी मुस्कुराने लगे क्योंकि 14 साल का यह लड़का उनके खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी कर रहा था.”
संगकारा ने वैभव के आत्मविश्वास की कहानी सुनाई
आईपीएल 2026 के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच का जिक्र करते हुए संगकारा ने वैभव के आत्मविश्वास की एक और कहानी सुनाई. उन्होंने बताया, “मैदान पर जाने से पहले वैभव ने मुझसे कहा था, ‘कोच, चिंता मत करो.’ इसके बाद उसने ड्रेसिंग रूम में साथियों से कहा कि वह 13 छक्के लगाएगा और बाकी बल्लेबाज मैच खत्म कर देंगे.”
13 नहीं, लेकिन 10 छक्के जरूर लगाए
हालांकि वैभव 13 छक्कों तक नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने उस मुकाबले में 38 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी पारी में 10 छक्के और 7 चौके शामिल थे, जिसकी बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 221 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया.
टीम इंडिया में मिल चुका है मौका
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया. हालांकि आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. अब क्रिकेट फैंस की नजरें दूसरे टी20 मुकाबले पर हैं, जहां 15 वर्षीय बल्लेबाज के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण की उम्मीद की जा रही है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को नहीं खिलाना पड़ा भारी! भारत की हार के बाद फैंस ने टीम मैनेजमेंट को घेरा
