KKR vs RR : कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम रविवार दोपहर अपने होम ग्राउंड पर राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी. आईपीएल के इस सीजन में बने रहने के लिए कोलकाता को यह मैच जीतना होगा, तभी उसके खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और टीम में दौड़ में बनी रह पाएगी.
केकेआर से जुड़े पथिराना, लेकिन सामने राजस्थान की चुनौती
श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना केकेआर की टीम में शामिल हो गए हैं, फ्रेंचाइजी ने रविवार को इस बात की पुष्टि की है. पथिराना के टीम में शामिल होने से टीम की गेंदबाजी में सुधार होगा. अभी केकेआर की टीम प्वाइंट टेबल में सबसे नीचे चल रही है.
नाइट राइडर्स ने छह गेम खेल लिए हैं और अभी तक उसे कोई जीत नहीं मिली है. सातवें मैच में उसका सामना एनर्जेटिक राजस्थान रॉयल्स से होगा. राजस्थान की टीम प्वाइंट टेबल में तीसरे नंबर पर है. उसने 5 मैच में से 4 जीते हैं और एक मैच का रिजल्ट नहीं आया था.
केकेआर को दिखाना होगा बेहतर क्रिकेट
जीत के लिए संघर्ष कर रही केकेआर की टीम को आज ईडन गार्डन में बैटिंग, बाॅलिंग, फील्डिंग और प्लानिंग हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, वरना टीम को अपनी सातवीं हार के लिए तैयार रहना होगा. गुजरात से हार के बाद रहाणे ने साफ-साफ कहा था-जो लोग पावरप्ले में बॉलिंग कर रहे हैं, वे कम अनुभवी हैं. यही सच है. जब कम अनुभवी अटैक टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ी के सामने आती है,तो वे प्लानिंग नहीं कर पाते हैं. केकेआर की चिंताएं सिर्फ उनकी बॉलिंग तक ही सीमित नहीं हैं. बैटिंग का भी बुरा हाल है. फिन एलन उम्मीद को परफ़ॉर्मेंस में नहीं बदल पाए और अब बेंच पर हैं, रिंकू सिंह बुरी तरह आउट ऑफ टच हैं, जबकि अजिंक्य रहाणे कई मुश्किलों से निपटने के प्रेशर में कमज़ोर पड़ते दिख रहे हैं. पावरप्ले में टीम की बैटिंग बहुत खराब हो रही है. जबकि राजस्थान रॉयल्स सबसे अच्छी पावरप्ले बॉलिंग साइड रही है.
सनराइजर्स से हार की गलती को सुधारने की कोशिश करेगा राजस्थान
राजस्थान रॉयल्स की टीम इस आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है. उसने शुरुआत में जबरदस्त प्रदर्शन किया और चार मैच लगातार जीते. पांचवें मैच में उसे सनराइजर्स हैदराबाद ने 57 रन से हरा दिया, इस हार को भूलने और बेहतर प्रदर्शन के लिए राजस्थान की टीम केकेआर को रौंदकर जीत दर्ज करना चाहेगी. हालांकि केकेआर को आसान टारगेट समझने की गलती राजस्थान की टीम नहीं करेगी. उनके पास वैभव सूर्यवंशी जैसा हीरा है, जो टीम को संवार रहा है.
कोलकाता में उमस वाली गर्मी, राजस्थान पर भारी रही है केकेआर की टीम
सीजन की शुरुआत में कोलकाता में कुछ मैचों में बारिश हुई, लेकिन आज के मैच में बारिश की संभावना नहीं है. कोलकाता में गर्मी और वो भी उमस वाली गर्मी फिर से शुरू होने की उम्मीद है. टेम्परेचर 36 डिग्री तक पहुंच सकता है. यह जगह स्पिनरों के लिए अच्छी रही है और तेज धूप में पिच के सूखने से, धीमे गेंदबाजों को फायदा मिलेगा. दोनों टीमों की तुलना करें तो केकेआर ने अबतक 16 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान ने 14 मैच जीते हैं. ईडन गार्डंस में केकेआर ने 7-4 से अपनी बढ़त बनाकर रखी है. इस लिहाज से केकेआर के पास एक मौका है, अब देखना यह है कि टीम कैसा प्रदर्शन करती है.
ये भी पढ़ें : BCCI ने टीम इंडिया के लिए बोल्ड फैसले लेने वाले अजीत अगरकर का कार्यकाल 1 साल के लिए बढ़ाया
चेन्नई के लिए एक और बुरी खबर, आयुष म्हात्रे का हैमस्ट्रिंग टियर हुआ; अगले कई मैचों में खेलना संदिग्ध
आईपीएल का खिताब सबसे अधिक बार जीतने वाली तीनों टीमें इस सीजन में फिसड्डी क्यों?
