Kapil Dev Scolding School Authorities: भारतीय क्रिकेट टीम को पहली बार विश्व कप का खिताब दिलाने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचे कपिल देव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्कूल की अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं.
कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था ठीक नहीं होने से कपिल देव काफी नराज दिखे. उन्होंने मंच से ही स्कूल मैनेजमेंट और शिक्षकों को अनुशासन और व्यवस्था को लेकर जमकर खरी-खोटी सुनाई. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है और वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
स्कूल की व्यवस्था पर भड़के कपिल देव
वायरल वीडियो में कपिल देव छात्रों और शिक्षकों को कहा कि स्कूल जैसी जगह पर किसी भी तरह की अव्यवस्था चिंता की बात है. उन्होंने कहा कि स्कूल में कोई सिस्टम नजर नहीं आ रहा है और उन्होंने सवाल भी किया कि आखिर ऐसा कैसा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: पडिक्कल के 167 के बाद गेंदबाजों का कमाल, श्रीलंका 284 पर ढेर; भारत को 178 रन की बढ़त
शिक्षकों से भी व्यवस्था सुधारने की अपील की
पूर्व भारतीय कप्तान ने शिक्षकों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों को अनुशासन और सही तौर-तरीके सिखाने वाली जगह पर इस तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने शिक्षकों से भी व्यवस्था सुधारने की अपील की.
‘सिर्फ फोटो के लिए बुलाना था तो पहले बता देते’
कपिल देव ने कार्यक्रम के आयोजन के तरीके पर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले बता दिया जाता कि उन्हें सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया जा रहा है, तो वह उसी हिसाब से अपना समय निकालते. उन्होंने अपने खास बेबाक अंदाज में कहा, “मेरे को बता देते कि यह सिर्फ फोटोग्राफ के लिए आना है तो मैं अलग से टाइम देता. कुछ कायदे होने चाहिए.”
सोशल मीडिया पर कपिल देव के समर्थन में फैंस
कपिल देव का वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स उनके समर्थन में नजर आए. लोगों का कहना है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा. यूजर्स के मुताबिक किसी भी कार्यक्रम में सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के बजाय उचित व्यवस्था और अनुशासन होना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: ‘जिम फिट नहीं, मैच फिट होना ज्यादा जरूरी’, गावस्कर ने खिलाड़ियों की चोट पर उठाए सवाल
