Jordan Hermann ODI Debut: दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज जॉर्डन हरमन (Jordan Hermann) ने अपने ODI डेब्यू को यादगार बना दिया है. नामीबिया के खिलाफ विंडहोक में खेले जा रहे पहले वनडे में हरमन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 150 रन की पारी खेली. इसके साथ ही उन्होंने वनडे डेब्यू पर सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
हरमन ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन क्रीज पर समय बिताने के बाद उन्होंने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए. उनके शतक ने ही साफ कर दिया था कि वह इस मौके को बड़े स्कोर में बदलने के इरादे से उतरे हैं. उन्होंने 93 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया था.
150 रन के साथ मैथ्यू ब्रीट्जके के रिकॉर्ड की बराबरी
जॉर्डन हरमन की 150 रन की पारी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गई है. वनडे डेब्यू पर सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड 150 रन का है, जो दक्षिण अफ्रीका के ही मैथ्यू ब्रीट्जके ने 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था. हरमन ने भी 150 रन बनाकर इसी रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. यानी अब वनडे डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में दो दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों का नाम है.
ये भी पढ़ें: India A vs Australia A: हार्दिक पंड्या लौटे, रजत पाटीदार को भी मौका; ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ ऐसी है इंडिया-A टीम
पहले शतक, फिर तेजी से बढ़ाया स्कोर
हरमन के लिए यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनका पहला वनडे मैच है. उन्होंने 61 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद तेजी से रन गति बढ़ाते हुए शतक बनाए. 93 गेंदों में शतक पूरा करने के बाद हरमन ने नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. 32 ओवर के आसपास वह 103 रन पर पहुंच चुके थे और इसके बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा.
ये भी पढ़ें: BCCI Supreme Court Hearing: BCCI और राज्य क्रिकेट संघों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, Sports Act पर मांगा जवाब
डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारियां खेलने वाले बल्लेबाज
डेब्यू मैच में बड़ी पारी खेलना किसी भी क्रिकेटर के लिए खास उपलब्धि मानी जाती है और इस सूची में जॉर्डन हरमन और मैथ्यू ब्रीट्जके 150-150 रन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं. उनके बाद वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज डेसमंड हेंस का नाम आता है, जिन्होंने अपने डेब्यू मुकाबले में 148 रन की शानदार पारी खेली थी.
अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज ने भी 2021 में आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करते हुए 127 रन बनाकर अपनी छाप छोड़ी थी. वहीं, न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन ने UAE के खिलाफ नाबाद 124 रन बनाए, जबकि कॉलिन इंग्राम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 124 रन की पारी खेलकर इस खास सूची में जगह बनाई.
ODI डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
| रैंक | बल्लेबाज | रन | विपक्षी टीम | वर्ष |
| 1 | जॉर्डन हरमन | 150 | नामीबिया | 2026 |
| 1 | मैथ्यू ब्रीट्जके | 150 | न्यूजीलैंड | 2025 |
| 3 | डेसमंड हेंस | 148 | ऑस्ट्रेलिया | 1978 |
| 4 | रहमानुल्लाह गुरबाज | 127 | आयरलैंड | 2021 |
| 5 | मार्क चैपमैन | 124* | UAE | 2015 |
| 6 | कॉलिन इंग्राम | 124 | जिम्बाब्वे | 2010 |
डेब्यू से पहले भी दिखा अपना कमाल
दक्षिण अफ्रीकी घरेलू क्रिकेट में जॉर्डन हरमन पहले ही अपनी बल्लेबाजी का कमाल दिखा चुके हैं. उनके नाम लिस्ट-ए क्रिकेट में 1,000 से ज्यादा रन और चार शतक दर्ज हैं. उनका लिस्ट-ए सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 186 रन है. वह दक्षिण अफ्रीका के लिए T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी पदार्पण कर चुके हैं. सितंबर में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 53 गेंदों में 29 रन की पारी भी खेली थी.
