Vaibhav Suryavanshi viral video: दलीप ट्रॉफी 2026-27 में ईस्ट जोन को चैंपियन बनाने वाले कप्तान ईशान किशन और टीम के 15 साल के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी के बीच की मजेदार बातचीत अब चर्चा में है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दोनों का एक वीडियो शेयर किया है. इसमें ईशान किशन युवा वैभव की तारीफ करते हुए उनकी जमकर मौज भी लेते नजर आए. वैभव भी जवाब देने में पीछे नहीं रहे. उन्होंने कप्तान ईशान को ऐसा जवाब दिया कि दोनों की यह हल्की-फुल्की नोकझोंक फैंस को खूब पसंद आ रही है.
DRS को लेकर ईशान ने ली वैभव की मौज
वीडियो में ईशान किशन ने DRS को लेकर वैभव सूर्यवंशी की टांग खींची. ईशान ने मजाक में कहा कि वैभव हर रिव्यू का क्रेडिट खुद ले लेते हैं. ईशान के मुताबिक,
कई बार जब वह खुद रिव्यू लेने के बारे में सोच रहे होते थे, तभी वैभव पूरे विश्वास के साथ उनके पास आकर कहते थे कि वह कप्तान के पास आ जाते हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसा लगता था कि रिव्यू वैभव ने ही लिया.
15 साल के वैभव ने कप्तान को तुरंत दिया जवाब
ईशान की बात सुनकर वैभव सूर्यवंशी ने भी तुरंत पलटकर जवाब दिया. उन्होंने सेमीफाइनल मैच पर बात करते हुए ईशान से पूछा कि जब कप्तान कुछ समय के लिए मैदान से बाहर जा रहे थे, तब DRS का फैसला कौन ले रहा था. वैभव का यह जवाब सुनकर ईशान भी मुस्कुरा दिए. उन्होंने माना कि
उस समय वैभव ही जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इसके बाद ईशान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आने वाले समय में वैभव 'भविष्य के कप्तान' हो सकते हैं. उन्होंने फिर कहा कि आगे देखते हैं क्या होता है.
सेमीफाइनल में वैभव ने संभाली थी कप्तानी
दरअसल, दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में ईशान किशन कुछ समय के लिए मैदान से बाहर थे. उस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी. इतने कम उम्र के बावजूद वैभव ने इस रोल में आत्मविश्वास दिखाया. यही वजह रही कि उनकी कप्तानी और मैदान पर लिए गए फैसलों की चर्चा हुई.
फाइनल में DRS को लेकर दिखा वैभव का कॉन्फिडेंस
फाइनल मुकाबले में भी वैभव का आत्मविश्वास देखने को मिला. पहली पारी के दौरान वह ईशान किशन को DRS लेने के लिए कहते नजर आए. स्टंप माइक में वैभव की आवाज भी रिकॉर्ड हुई, जिसमें वह कप्तान से रिव्यू लेने के लिए कहते सुनाई दिए. ईशान ने रिव्यू लिया और जांच में गेंद के बल्ले का किनारा लगकर विकेटकीपर के दस्तानों में जाने हुई दिखाई दी.
ये भी पढ़ें: Harmanpreet Kaur viral Catch video: हरमनप्रीत कौर ने हवा में पीछे उछलकर पकड़ा गजब का कैच, जानें वायरल वीडियो का सच
इसके बाद अंपायर को अपना नॉटआउट का फैसला बदलकर बल्लेबाज को आउट देना पड़ा. ईस्ट जोन को इस तरह मैच में शुरुआती सफलता मिली. इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर वैभव के क्रिकेटिंग सेंस और मैदान पर उनके आत्मविश्वास की तारीफ भी हुई.
ईशान ने सिर्फ क्रिकेट नहीं, व्यवहार की भी तारीफ की
ईशान किशन ने वीडियो में वैभव की क्रिकेटिंग क्षमता के साथ उनके व्यवहार की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि
वैभव टीम के हर सदस्य का ख्याल रखते हैं. ईशान ने कहा कि टीम में वैभव जैसे खिलाड़ी का होना अच्छा है. उनके मुताबिक, शानदार क्रिकेटर होने के अलावा वैभव एक अच्छे इंसान भी हैं और टीम के हर खिलाड़ी की परवाह करते हैं. कप्तान की इस बात से साफ है कि 15 साल के वैभव ने सिर्फ अपने खेल से ही नहीं, बल्कि टीम के साथ अपने व्यवहार से भी प्रभावित किया है.
