IND vs AFG: भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच चल रहे इकलौते टेस्ट के तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है. इससे पहले, दूसरे दिन का खेल पूरी तरह भारत के नाम रहा था, जहाँ न्यू चंडीगढ़ में अफ़ग़ानिस्तान ने महज़ 113 रन जोड़कर अपने 5 अहम विकेट गंवा दिए. अफ़ग़ान टीम अभी भी भारत से 451 रन पीछे है. आज मेहमान टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती फॉलोऑन बचाना है, जिसके लिए उन्हें अभी भी 252 रनों की दरकार है. देखना होगा कि भारतीय गेंदबाज़ आज सुबह कितनी जल्दी अफ़ग़ान पारी को समेटते हैं.
डेब्यू मैच में मानव सुथार का जलवा
भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेले जा रहे इकलौते टेस्ट में डेब्यू कर रहे भारतीय लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने इतिहास रच दिया. उन्होंने अपने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर अब्दुल मलिक को आउट कर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार आगाज़ किया. सुथार यहीं नहीं रुके, उन्होंने इसके बाद खतरनाक बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ और अफ़सर ज़ज़ई को भी पवेलियन की राह दिखाई. सुथार ने बेहद किफायती गेंदबाज़ी करते हुए महज़ 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा तेज़ गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार साथ निभाते हुए दो विकेट अपने नाम किए.
क्या रहमत शाह अफगानिस्तान को बचा पाएंगे
अफगानिस्तान की सारी उम्मीदें अब अनुभवी बल्लेबाज़ रहमत शाह पर टिकी हैं, जो एक छोर संभालकर 43 रन पर नाबाद खेल रहे हैं. मैच को बचाने और फॉलोऑन टालने के लिए अब रहमत शाह को अजमतुल्लाह उमरजई और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर बड़ी साझेदारियां करनी होंगी. भारतीय गेंदबाज़ों के आक्रमण के सामने अफ़ग़ान पुछल्ले बल्लेबाज़ों की यह परीक्षा तय करेगी कि मैच किस ओर रुख करता है.
भारत का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
इस इकलौते टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाज़ों ने अफ़ग़ानिस्तान के गेंदबाज़ी आक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 के विशाल स्कोर पर घोषित की, जो टेस्ट क्रिकेट में अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. कप्तान शुभमन गिल (126) और केएल राहुल (100) के शानदार शतकों के अलावा ऋषभ पंत (81) और साई सुदर्शन (81) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाए, जबकि मोहम्मद सिराज ने महज 12 गेंदों में 22 रनों की तूफानी पारी खेलकर स्कोर को 560 के पार पहुँचाया. अफ़ग़ानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफ़ी ने अकेले लड़ाई लड़ते हुए 6 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़े- हरमनप्रीत कौर का रिपोर्टर पर फूटा गुस्सा, रिटायरमेंट के सवाल पर दिया मुंहतोड़ जवाब
