Hockey India Junior Women Academy Championship 2026: हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2026 (जोन A और B) का चौथा संस्करण शुक्रवार (24 जुलाई) से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुरू होगा. 11 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देश की 12 शीर्ष जूनियर महिला हॉकी अकादमियां हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता का फाइनल 3 अगस्त को खेला जाएगा.
दो पूलों में बांटी गई है टीमें
टूर्नामेंट में 12 टीमों को दो पूलों में बांटा गया है. दोनों पूलों में छह-छह टीमें शामिल हैं और लीग चरण में सभी टीमें अपने-अपने पूल की बाकी टीमों से मुकाबला करेंगी. प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमें 2 अगस्त को होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी, जबकि 3 अगस्त को तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल खेला जाएगा.
किस पूल में कौन-कौन खेलेगा?
पूल-A में राजा करण हॉकी अकादमी, खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात हॉकी अकादमी, हॉकी फैमिली बढ़खालसा एनसीआर हॉकी सोसाइटी, तमिलनाडु हॉकी अकादमी और प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी (सोनीपत) शामिल हैं. वहीं पूल-B में रितु रानी हॉकी अकादमी, वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी, भाई बहलो हॉकी अकादमी भगता, मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन, अड्यार हॉकी अकादमी और मेजबान मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीमें खेलेंगी.
हर जीत पर मिलेंगे तीन अंक
लीग चरण में जीत पर तीन अंक, ड्रॉ पर एक अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलेगा. नॉकआउट या वर्गीकरण मुकाबलों में बराबरी की स्थिति होने पर विजेता का फैसला एफआईएच नियमों के अनुसार शूटआउट से किया जाएगा. हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि यह चैंपियनशिप महिला हॉकी के ग्रासरूट विकास को मजबूत करने का अहम मंच बन चुकी है. इससे युवा खिलाड़ियों को देश की सर्वश्रेष्ठ अकादमियों के खिलाफ खेलने और प्रतिस्पर्धी माहौल में अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा.
पहले दिन का कार्यक्रम
सुबह 7:30 बजे: राजा करण हॉकी अकादमी vs खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर)
सुबह 9:00 बजे: स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात हॉकी अकादमी vs प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी
सुबह 10:30 बजे: हॉकी फैमिली बढ़खालसा एनसीआर हॉकी सोसाइटी vs तमिलनाडु हॉकी अकादमी
दोपहर 1:30 बजे: रितु रानी हॉकी अकादमी vs वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी
दोपहर 3:00 बजे: मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन vs अड्यार हॉकी अकादमी
शाम 4:30 बजे: भाई बहलो हॉकी अकादमी भगता vs मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी
इसे भी पढ़े- यॉर्कशायर की जर्सी में उतरेंगे कुलदीप यादव, पहली बार खेलेंगे काउंटी क्रिकेट
