FIFA World Cup 2026 : ब्राजील के करिश्माई फॉरवर्ड नेमार जूनियर के एक कमेंट ने आगामी फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. फीफा ने अपने सोशल मीडिया पर नेमार का फोटो साझा किया,जिसमे नेमार ने कमेंट करते हुए केवल तीन शब्द लिखे—“The Last Dance” . इस पोस्ट के आने बाद खेल जगत में यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि साल 2026 में होने वाला फुटबॉल वर्ल्ड कप इस दिग्गज खिलाड़ी का आखिरी इंटरनेशनल टूर्नामेंट होने जा रहा है.
क्या 2026 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेंगे नेमार?
“The Last Dance” शब्द का इस्तेमाल खेल की दुनिया में तब किया जाता है जब कोई महान खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम और सबसे बड़े मुकाबले की तैयारी कर रहा होता है. नेमार के इस कमेंट को सीधे तौर पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 से जोड़कर देखा जा रहा है. 34 वर्षीय नेमार पिछले कुछ सालों से लगातार गंभीर चोटों और फिटनेस की समस्याओं से जूझते रहे हैं. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि नेमार का यह पोस्ट इस बात का साफ संकेत है कि वह 2026 वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल फुटबॉल को हमेशा के लिए अलविदा कह सकते हैं.
ब्राजील को छठी बार चैंपियन बनाने का आखिरी मौका
नेमार ने अपने करियर में लगभग हर बड़ा खिताब जीता है, लेकिन ब्राजील को वर्ल्ड कप की ट्रॉफी दिलाना उनका अब तक का सबसे अधूरा सपना रहा है. साल 2002 के बाद से ब्राजील ने कोई वर्ल्ड कप नहीं जीता है. ऐसे में नेमार के लिए 2026 का यह महाकुंभ खुद को साबित करने का आखिरी मौका होगा. वह पेले और रोनाल्डो जैसे दिग्गजों की कतार में शामिल होने के लिए इस ‘लास्ट डांस’ में अपनी पूरी जान झोंकने को तैयार नजर आ रहे हैं.
सोशल मीडिया पर फैंस हुए भावुक
नेमार की इस कमेंट के बाद दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमी काफी भावुक हो गए हैं. जहां एक तरफ फैंस उनके इस आखिरी सफर की बात सुनकर दुखी हैं, वहीं दूसरी तरफ वे उम्मीद कर रहे हैं कि नेमार का यह ‘लास्ट डांस’ ऐतिहासिक होगा और वह ब्राजील को छठी बार विश्व विजेता बनायेंगे. फिलहाल, आधिकारिक तौर पर नेमार ने संन्यास की तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन उनकी इस कमेंट ने 2026 वर्ल्ड कप के रोमांच को अभी से कई गुना बढ़ा दिया है.
