Farveez Maharoof on Gurnoor Brar: भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से गॉल में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर फरवीज महरूफ ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम का ‘एक्स फैक्टर’ बताया है. महरूफ का मानना है कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में 26 वर्षीय बराड़ को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया जाना चाहिए. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 की हार के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) तालिका में पांचवें स्थान पर है. अब टीम श्रीलंका के खिलाफ अहम सीरीज में उतरेगी, लेकिन चोट के कारण बुमराह टीम का हिस्सा नहीं हैं.
बुमराह को लेकर पूर्व ऑलराउंडर ने क्या कहा
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की ओर से आयोजित वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में महरूफ ने पीटीआई के सवाल पर कहा कि
बुमराह की पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने की क्षमता भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की बड़ी ताकत है और उनकी गैरमौजूदगी टीम को निश्चित रूप से महसूस होगी. महरूफ ने कहा, “बुमराह जिस तरह पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराते हैं, वह भारत के लिए बड़ा हथियार है और उनकी गैरमौजूदगी निश्चित रूप से महसूस होगी. विकेट निकालने की क्षमता में कमी आ सकती है. मोहम्मद सिराज बेहतरीन गेंदबाज हैं, लेकिन दोनों की तुलना करें तो अंतर साफ दिखाई देता है.”
बराड़ में दिखता है ‘एक्स फैक्टर’
महरूफ ने गुरनूर बराड़ की लंबाई, गति और अतिरिक्त उछाल को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताया. उनके मुताबिक आक्रामक रवैया भी बराड़ को बल्लेबाजों के लिए खतरनाक बनाता है. उन्होंने कहा,
“मुझे गुरनूर बराड़ बेहद पसंद हैं. उनके पास उछाल, गति और जुझारूपन है. वह बल्लेबाजों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं. अभ्यास मैच में उन्होंने टेस्ट टीम के कई बल्लेबाजों को असहज कर दिया था और कुछ को शरीर पर गेंद भी लगी थी.” महरूफ ने कहा कि अगर वह भारतीय टीम प्रबंधन का हिस्सा होते तो बराड़ को अंतिम एकादश में शामिल करने पर जरूर विचार करते. उन्होंने कहा, “भले ही उन्होंने भारत के लिए अभी सिर्फ सीमित ओवरों का क्रिकेट खेला हो, लेकिन छोटे-छोटे स्पेल में वह बल्लेबाजों की लय तोड़ने और मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं.” बराड़ 26 वर्ष के हैं और सीमित ओवरों के प्रारूप में भारत के लिए पदार्पण कर चुके हैं.
तीन स्पिनरों के साथ उतरने की सलाह
महरूफ ने भारत को रविचंद्रन अश्विन के संन्यास और वाशिंगटन सुंदर की चोट से भी नुकसान होने की बात कही. उन्होंने कहा कि
श्रीलंका की पिचों पर स्पिनरों को सिर्फ टर्न ही नहीं, बल्कि अतिरिक्त उछाल भी मिलता है. रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव के पहली पसंद के स्पिनर होने की संभावना के बीच तीसरे स्पिनर को लेकर चर्चा है. भारत के पास बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार और ऑफ स्पिनर सारांश जैन के विकल्प हैं. महरूफ ने कहा, “अगर मुझसे पूछा जाए तो मैं जडेजा, कुलदीप और मानव सुथार के साथ उतरना पसंद करूंगा. आदर्श स्थिति में ऑफ स्पिनर विविधता देता है, लेकिन गॉल की परिस्थितियों में सुथार की अतिरिक्त उछाल हासिल करने की क्षमता अधिक उपयोगी साबित हो सकती है.” उन्होंने कहा कि भारत दो तेज गेंदबाजों और तीन स्पिनरों के संयोजन के साथ संतुलित और प्रतिस्पर्धी गेंदबाजी आक्रमण उतार सकता है.
ऋषभ पंत से सबसे ज्यादा खतरा
श्रीलंका के लिए भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सबसे बड़ा खतरा बताते हुए महरूफ ने कहा कि
पंत अकेले दम पर कुछ ही समय में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. अभ्यास मैच में पंत ने दो और 28 रन बनाए थे, लेकिन महरूफ इससे प्रभावित नहीं हैं. उन्होंने कहा, “अगर मैं श्रीलंका के ड्रेसिंग रूम में होता तो सबसे ज्यादा चिंता ऋषभ पंत की करता. वह 30 से 45 मिनट में अकेले मैच बदलने की क्षमता रखते हैं। हमने उन्हें पहले भी ऐसा करते देखा है.” उन्होंने कहा कि पंत को अपने स्वाभाविक आक्रामक खेल की पूरी आजादी मिलती है और यही उन्हें बेहद खतरनाक बनाता है.
महरूफ ने की भविष्यवाणी
महरूफ ने भारतीय टीम को मजबूत करार दिया और कहा कि
सातवें नंबर पर रविंद्र जडेजा की मौजूदगी टीम को अतिरिक्त मजबूती देती है. हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर रहने की भविष्यवाणी की. महरूफ के मुताबिक भारतीय बल्लेबाजों के लिए श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या सबसे बड़ी चुनौती होंगे. उन्होंने जयसूर्या को ‘किंग ऑफ गाले’ करार दिया. उन्होंने कहा, “गाले में प्रभात जयसूर्या ने बड़ी संख्या में विकेट लिए हैं. वह हवा का बेहतरीन इस्तेमाल करना जानते हैं. यहां क्रॉस विंड स्पिनरों को अतिरिक्त ड्रिफ्ट दिलाती है, इसलिए भारतीय स्पिनरों को भी परिस्थितियों के अनुसार जल्दी खुद को ढालना होगा. यही सीरीज का अहम पहलू साबित हो सकता है.”
इसे भी पढ़े- क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जॉर्जिना रोड्रिगेज से की शादी, 10 साल बाद बने पति-पत्नी
